एमएलसी चुनाव में योगी का सपा पर हमला, बोले- इस बार बैलेट से दें जवाब
शिक्षक-स्नातक मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन की अपील, बोले- परिवारवाद और वंशवाद को नकारें; कार्यकर्ताओं को अति आत्मविश्वास से बचने की नसीहत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को भाजपा के चुनावी अभियान का शंखनाद किया। राजधानी के डिफेंस एक्सपो मैदान में आयोजित सम्मेलन में उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह चुनाव ईवीएम से नहीं, बैलेट पेपर से हो रहा है। मतदाता इस बार बैलेट के माध्यम से सपा को जवाब दें। उन्होंने मतदाताओं से परिवारवाद और वंशवाद को नकारकर योग्य प्रतिनिधि चुनने की अपील की।
सपा पर शिक्षा व्यवस्था की अनदेखी का आरोप
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय शिक्षण संस्थानों में पेशेवर गुंडे हावी थे और युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था। उन्होंने सपा को शिक्षा का विरोधी बताते हुए कहा कि शिक्षकों का अपमान और शिक्षा व्यवस्था की उपेक्षा उसकी राजनीति का हिस्सा रही है।
योगी ने कहा, “सपा ने वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया दिया, हमने वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज दिया।” उन्होंने कानून-व्यवस्था में सुधार, मेडिकल कॉलेजों के विस्तार और निवेश को भाजपा सरकार की उपलब्धियों के रूप में पेश किया।
भाजपा प्रत्याशियों के लिए मांगा समर्थन
मुख्यमंत्री ने लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी उमेश द्विवेदी के समर्थन में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता ऐसा प्रतिनिधि चुनें, जो उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठा सके। उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने की प्रवृत्ति का जवाब देने का भी आह्वान किया।
योगी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को अति आत्मविश्वास से बचने और एक-एक मतदाता तक पहुंचने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि चुनाव में न्याय के पक्ष में परिणाम देने की जिम्मेदारी मतदाताओं की है।
शिक्षकों को कैशलेस इलाज और बीमा का जिक्र
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों और उनके परिवारों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा दिए जाने की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के लिए दुर्घटना या अनहोनी की स्थिति में 40 लाख से 1.5 करोड़ रुपये तक की बीमा सुरक्षा का उल्लेख किया। रसोइयों के लिए दो लाख रुपये के सुरक्षा बीमा कवर की बात भी कही।
उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प और निपुण भारत अभियान के तहत स्कूलों में कक्षाओं, शौचालयों, पेयजल, स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं बढ़ाने का दावा किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, बेसिक शिक्षा में ड्रॉपआउट दर 20 प्रतिशत से घटकर तीन प्रतिशत रह गई है।
रोजगार और निवेश को बताया उपलब्धि
योगी ने दावा किया कि प्रदेश में पिछले साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं और एक लाख अन्य युवाओं को नौकरी देने की तैयारी है। उन्होंने निजी क्षेत्र में निवेश से 65 लाख युवाओं को रोजगार मिलने और प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या 24 हजार से अधिक होने का भी उल्लेख किया।
सम्मेलन में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, दिनेश प्रताप सिंह, नितिन अग्रवाल, रजनी तिवारी, सुरेश राही, सतीश चंद्र शर्मा, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल और प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह सहित पार्टी पदाधिकारी, शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधि तथा शिक्षक-स्नातक मतदाता मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment