एसएमई को आईपीओ से कारोबार बढ़ाने का मौका, वाराणसी में एनएसई की कार्यशाला

‘आइडिया टू आईपीओ’ कार्यक्रम में उद्यमियों को दी शेयर बाजार से पूंजी जुटाने की जानकारी, एनएसई इमर्ज पर 764 कंपनियां सूचीबद्ध

वाराणसी, 9 अक्टूबर। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) ने उत्तर प्रदेश सरकार और कोटक महिंद्रा बैंक के सहयोग से वाराणसी में एसएमई आईपीओ पर ‘आइडिया टू आईपीओ’ विषय पर इंटरैक्टिव कार्यशाला का आयोजन किया। आठ अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में छोटे और मझोले उद्यमियों, कारोबारियों, वित्तीय पेशेवरों तथा पूंजी बाजार से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य एसएमई को शेयर बाजार के माध्यम से पूंजी जुटाने और कारोबार का विस्तार करने के अवसरों की जानकारी देना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसमें उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के सचिव प्रांजल यादव, यूपीएसआईसी के प्रबंध निदेशक रोहित आनंद, एनएसई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्णन अय्यर और कोटक महिंद्रा बैंक में चैनल सेगमेंट एवं स्ट्रैटेजी की प्रमुख नूपुर शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रांजल यादव ने कहा कि इस तरह की कार्यशालाओं से उद्यमियों को शेयर बाजार और एसएमई आईपीओ की प्रक्रिया समझने में मदद मिलेगी। इससे वाराणसी के आर्थिक विकास को गति देने और शहर को औद्योगिक विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में सहयोग मिल सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के छोटे और मझोले कारोबारों को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार में पहचान दिलाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

यूपीएसआईसी के प्रबंध निदेशक रोहित आनंद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कई कारोबार स्थानीय स्तर पर मजबूत पहचान रखते हैं। शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से ऐसी कंपनियों को अपना ब्रांड राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने और कारोबार बढ़ाने का अवसर मिल सकता है।

एनएसई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्णन अय्यर ने अपने मुख्य वक्तव्य में कहा कि एक्सचेंज का उद्देश्य शेयर बाजार तक पहुंच आसान बनाना और छोटे कारोबारों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने में मदद देना है। एनएसई के मुख्य व्यवसाय विकास अधिकारी श्रीराम कृष्णन ने बताया कि एनएसई इमर्ज प्लेटफॉर्म एसएमई को पूंजी जुटाने और स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध होकर अपनी पहचान बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है। उत्तर प्रदेश से सूचीबद्ध होने वाली कंपनियों की संख्या में तेजी आई है। इस गति को बनाए रखने के लिए सरकार के साथ मिलकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

764 कंपनियों ने जुटाए 24,520 करोड़ रुपये

एनएसई के अनुसार, अब तक विभिन्न क्षेत्रों की 764 कंपनियां एनएसई इमर्ज प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध हो चुकी हैं। इन कंपनियों ने सामूहिक रूप से 24,520 करोड़ रुपये से अधिक की पूंजी जुटाई है। इनका कुल बाजार मूल्य लगभग 2.78 लाख करोड़ रुपये है। कार्यशाला में उद्यमियों को बताया गया कि आईपीओ के जरिए पूंजी जुटाना कारोबार के विस्तार, वित्तीय मजबूती और बाजार में पहचान बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts