इस बार भाजपा का घड़ा नहीं, टैंकर फूटेगा : अखिलेश यादव

वोट कटने और फर्जी मतदान का लगाया आरोप, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग

लखनऊ (एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने मतदाता सूची में गड़बड़ी, विपक्षी मतदाताओं के नाम काटने और फर्जी वोट जुड़वाने का आरोप लगाया। अखिलेश ने सपा कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि इस बार भाजपा का घड़ा नहीं, बल्कि टैंकर फूटेगा। उन्होंने दावा किया कि पीडीए, मुस्लिम-यादव और युवा मतदाताओं के समर्थन से सपा चुनाव में जीत हासिल करेगी।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ी कर एक व्यक्ति के नाम पर कई वोट दर्ज किए जा रहे हैं। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि एक वोट व्यक्ति डालेगा और नौ वोट भाजपा डालेगी। नंदलाल निषाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें सामने लाने के लिए एक लाख रुपये का पुरस्कार रखा गया था, लेकिन वह खुद सामने आ गए। अखिलेश ने दावा किया कि उन्हें दस्तखत करना भी नहीं आता।

चुनाव आयोग की साख पर उठाए सवाल

सपा अध्यक्ष ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की साख खत्म हो चुकी है और कई मौकों पर वह भाजपा के साथ खड़ा दिखाई दिया। उन्होंने कुंदरकी उपचुनाव का जिक्र करते हुए चुनाव में धांधली के आरोप भी लगाए।

विदेश नीति पर भी साधा निशाना

अखिलेश यादव ने विदेश नीति को लेकर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की। उन्होंने विदेशों में नाविकों की मौत और ईरान से जुड़े हालात का उल्लेख करते हुए सरकार के विश्वगुरु होने के दावों पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि यदि प्रधानमंत्री पाकिस्तान की तरह ईरान के मामले में भी हस्तक्षेप करते, तो युद्ध और महंगाई की स्थिति अलग हो सकती थी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts