द गुरुकुलम इंटरनेशनल स्कूल में ‘रंगीलो गरबा’ की धूम, महिषासुर मर्दिनी स्तोत्रम् पर झूमीं छात्राएं
पारंपरिक परिधानों में सजी छात्राओं ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां, सर्वश्रेष्ठ डांसर और पारंपरिक वेशभूषा के विजेताओं को किया सम्मानित
मेरठ। द गुरुकुलम इंटरनेशनल स्कूल में नवरात्रि के अवसर पर भव्य ‘रंगीलो गरबा’ समारोह का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों, गुजराती लोकगीतों और डांडिया की खनक के बीच छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, लोककला और शक्ति उपासना की परंपरा की झलक देखने को मिली।
समारोह का शुभारंभ छात्राओं की गणेश वंदना और स्वागत नृत्य से हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राएं और शिक्षक चनिया-चोली, केडियू सहित पारंपरिक परिधानों में नजर आए। छात्राओं के विभिन्न समूहों ने गुजराती लोकगीतों और गरबा की धुनों पर आकर्षक डांडिया रास प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
महिषासुर मर्दिनी स्तोत्रम् पर ओजस्वी प्रस्तुति
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण समापन नृत्य रहा। छात्राओं ने ‘अयि गिरिनन्दिनि’ अर्थात महिषासुर मर्दिनी स्तोत्रम् की भक्तिमय और ओजस्वी धुन पर ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुत किया। देवी शक्ति की आराधना पर आधारित इस प्रस्तुति ने समारोह में विशेष आकर्षण पैदा किया। प्रस्तुति के दौरान पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
विजेता विद्यार्थियों को किया सम्मानित
समारोह के अंत में उत्कृष्ट नृत्य कौशल और पारंपरिक वेशभूषा के लिए विद्यार्थियों को ‘सर्वश्रेष्ठ डांसर’ और ‘सर्वश्रेष्ठ पारंपरिक पोशाक’ श्रेणियों में पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इससे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन हुआ।
विद्यालय के चेयरमैन सरदार कवलजीत सिंह ने सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद अल्पाहार वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और लोकनृत्यों से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।





No comments:
Post a Comment