ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, 27 हजार से ज्यादा चालान

सितंबर में पुलिस का बड़ा अभियान, 32.47 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला; ओवरस्पीडिंग के 3512 और बिना हेलमेट के 3252 चालान

मेरठ। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मेरठ ट्रैफिक पुलिस ने सितंबर में बड़े स्तर पर अभियान चलाया। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति और एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर एक से 30 सितंबर तक चले अभियान में 27,357 चालान किए गए। पुलिस ने इन चालानों से 32 लाख 47 हजार 500 रुपये शमन शुल्क वसूल किया।

ओवरस्पीडिंग में सबसे ज्यादा कार्रवाई

अभियान के दौरान निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वालों पर विशेष सख्ती रही। ओवरस्पीडिंग के 3,512 चालान किए गए और 16.06 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला गया। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के 3,252 चालान किए गए, जबकि इनसे 7.50 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला गया।

तीन सवारी और अवैध पार्किंग पर भी कार्रवाई

दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने के मामले में 2,845 चालान किए गए। अवैध पार्किंग के खिलाफ 2,989, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने पर 1,823 और बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र के 1,982 चालान किए गए।

रॉन्ग साइड और गलत लेन पर भी शिकंजा

गलत लेन और रॉन्ग साइड वाहन चलाने के मामलों में 2,304 चालान किए गए। बिना एचएसआरपी या दूषित नंबर प्लेट वाले वाहनों के 2,265 चालान काटे गए। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन में 6,385 चालान किए गए।

त्योहारों को लेकर बढ़ेगी चेकिंग

अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि यातायात नियम तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। आगामी त्योहारों, मेलों और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने के साथ यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts