गोंडा में व्यापारी की मौत पर भड़के संजय निषाद, KGMU में धरने पर बैठे
जानलेवा हमले में घायल बर्तन व्यापारी ने लखनऊ में तोड़ा दम, मंत्री ने पुलिसकर्मियों की बर्खास्तगी की मांग की
लखनऊ/गोंडा। गोंडा में जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी (45) की गुरुवार को लखनऊ स्थित केजीएमयू में इलाज के दौरान मौत हो गई। व्यापारी की मौत की सूचना मिलते ही प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद केजीएमयू के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उनके साथ वीआईपी पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी और सपा एमएलसी राजपाल कश्यप भी धरने में शामिल हुए। समर्थकों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
दुकान बंद कर घर लौटते समय हमला
विनोद कुमार साहनी गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र के रेक्सड़िया गांव के रहने वाले थे और बर्तन की दुकान चलाते थे। पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर की रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। लल्लन यादव की दुकान के पास कई बाइकों से पहुंचे करीब आठ से दस लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियारों से विनोद पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल विनोद को पहले परसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ के केजीएमयू भेज दिया, जहां गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
तीन नामजद समेत अज्ञात पर मुकदमा
पुलिस को दी गई तहरीर में विनोद ने हमलावरों में शुभम सिंह उर्फ गोलू सिंह, आकाश सिंह और सुभाष सिंह के नाम बताए थे। इसके अलावा पांच से सात अज्ञात लोगों के शामिल होने का भी आरोप लगाया गया है। परसपुर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 115(2) और 118(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अंकित सिंह कर रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
मंत्री ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की
केजीएमयू पहुंचे मंत्री संजय निषाद ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने घटना को गंभीर और निंदनीय बताते हुए परसपुर थाना प्रभारी, शाहपुर चौकी प्रभारी समेत संबंधित पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की मांग की।
मंत्री ने चेतावनी दी कि यदि संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो 11 सितंबर को गोंडा में एसपी आवास और एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी पर हमले और उसकी मौत के मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
निषाद समाज में आक्रोश
व्यापारी की मौत के बाद निषाद समाज के लोगों में आक्रोश है। बड़ी संख्या में निषाद पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक केजीएमयू पोस्टमार्टम हाउस के बाहर जुटे। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। मंत्री की पुलिसकर्मियों की बर्खास्तगी की मांग और गोंडा में प्रदर्शन की चेतावनी के बाद मामला और गरमा गया है।

No comments:
Post a Comment