जन्माष्टमी पर कृष्णमय हुआ मेरठ, रोशनी से जगमगाए मंदिर और चौराहे
औघड़नाथ से पुलिस लाइन तक आकर्षक सजावट, बाजारों में देर रात तक खरीदारी; राधा-कृष्ण की वेशभूषा में नजर आए नन्हे कान्हा
मेरठ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर मेरठ में उत्साह चरम पर है। शहर के प्रमुख मंदिरों से लेकर पुलिस लाइन, चौराहों और बाजारों तक आकर्षक विद्युत सजावट की गई है। रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों से सजा शहर कृष्ण भक्ति में डूबा नजर आ रहा है।
औघड़नाथ मंदिर को जन्माष्टमी के लिए विशेष रूप से सजाया गया है। मंदिर के बाहर सड़क के दोनों ओर भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरूपों को रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों से सजाया गया है। वहीं पुलिस लाइन परिसर और मंदिर में भी आकर्षक रोशनी की गई है।
आबू लेन स्थित शिव मंदिर और हनुमान चौक के हनुमान मंदिर में भी जन्माष्टमी को लेकर विशेष सजावट की गई है। मंदिरों में श्रद्धालुओं के साथ राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे छोटे-छोटे बच्चे भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
कंकरखेड़ा के महादेव मंदिर और पैंठ बाजार में भी जन्माष्टमी की रौनक देखने को मिल रही है। बाजारों में भगवान श्रीकृष्ण की पोशाक, झूले, मुकुट और पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ रही। देर रात तक बाजारों में खरीदारी का सिलसिला जारी रहा।



No comments:
Post a Comment