दोपहर बाद बदला दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज

हुई बारिश, उमस भरी गर्मी से लोगों को मिली राहत
नई दिल्ली (एजेंसी)।राजधानी दिल्ली में मौसम का मिजाज बदला बदला नजर आ रहा है। दिल्ली में खासकर दक्षिण दिल्ली में अभी हल्की बारिश हुई है, उसके बाद जबरदस्त उमस हो गई है। इससे लोगों में बेचैनी देखी जा रही है। सुबह से ही कई इलाकों में आसमान में बादल देखे गए थे। दोपहर एक बजे के बाद अचानक से मौसम बदल गया और बारिश शुरू हो गई।
नोएडा में तेज धूल भरी हवा चलनी शुरू हो गई और आसमान में काले बादल छा गए हैं। शहर में बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, गौतमबुद्ध नगर में 11 से 14 सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने 11 से 16 सितंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई थी। बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में सितंबर के महीने में जहां एक ओर मौसम विभाग के पूर्वानुमानों में लगातार बारिश बताई जा रही है, वहीं दूसरी ओर बीते दो दिनों में जून और जुलाई के महीने जैसी तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान कर दिया है।  
हालांकि, अब भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और बढ़ते प्रदूषण स्तर पर भी रोक लगेगी। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 11 सितंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts