पतंग के पीछे खेत में दौड़ा मासूम, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मौत
गगोल में नौ वर्षीय शाद बुधवार शाम हुआ था लापता, 16 घंटे बाद खेत में मिला झुलसा शव
मेरठ, 10 सितंबर। परतापुर थाना क्षेत्र के गगोल गांव में पतंग के पीछे दौड़ना नौ वर्षीय मासूम शाद के लिए जानलेवा साबित हुआ। बुधवार शाम लापता हुए बालक का शव बृहस्पतिवार सुबह करीब 16 घंटे बाद पड़ोस के खेत में मिला। प्रथमदृष्टया पुलिस ने हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आने से मौत की आशंका जताई है। पुलिस ने विद्युत आपूर्ति बंद कराकर शव को खेत से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शाम चार बजे घर से निकला था शाद
सिवाल खास निवासी अकरम गगोल गांव के पास खेत में बने मकान में परिवार के साथ किराये पर रहते हैं। उनका नौ वर्षीय बेटा शाद बुधवार शाम करीब चार बजे अचानक लापता हो गया। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से बालक की तलाश शुरू की।
मां को खेत में दिखी पतंग, तलाश में मिला शव
बृहस्पतिवार सुबह शाद की मां को पड़ोस के खेत में एक पतंग पड़ी दिखाई दी। इसके बाद परिजनों ने खेत में तलाश शुरू की तो वहां बालक का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर विद्युत आपूर्ति बंद कराई और शव को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार बालक का शरीर करंट से झुलसा हुआ था।
पतंग लेने के दौरान हादसे की आशंका
सीओ ब्रह्मपुरी राम प्रकाश ने बताया कि प्रथमदृष्टया आशंका है कि शाद पतंग लेने के लिए खेत में गया होगा। इसी दौरान वह हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं से भी मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

No comments:
Post a Comment