फ्रैंकलिन टेम्पलटन का ‘चेंज द सोच’ अभियान मेरठ पहुंचा
लखनऊ से अयोध्या तक 2600 किमी की यात्रा, 21 शहरों-कस्बों में निवेशक जागरूकता कार्यक्रम
महिलाओं को बचत से निवेश की ओर बढ़ने के लिए किया जाएगा प्रेरित
मेरठ। फ्रैंकलिन टेम्पलटन इंडिया का राष्ट्रव्यापी ‘चेंज द सोच–लखनऊ टू अयोध्या ड्राइव’ मेरठ पहुंच गया। उत्तर प्रदेश में अपनी तरह के इस राज्यव्यापी अभियान का उद्देश्य लोगों को म्यूचुअल फंड निवेश के प्रति जागरूक करने के साथ वित्तीय साक्षरता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। खासतौर पर महिलाओं को बचत के साथ निवेश के महत्व की जानकारी देने पर जोर दिया जा रहा है।
भारत में फ्रैंकलिन टेम्पलटन की 30 वर्षों की उपस्थिति के उपलक्ष्य में शुरू की गई यह 30 दिवसीय यात्रा लखनऊ से शुरू होकर अयोध्या में संपन्न होगी। इस दौरान 2600 से अधिक किलोमीटर की दूरी तय करते हुए उत्तर प्रदेश के 21 प्रमुख शहरों और कस्बों को कवर किया जाएगा। अभियान के तहत इंटरैक्टिव वित्तीय शिक्षा सत्र, विशेषज्ञ संवाद और सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
फ्रैंकलिन टेम्पलटन इंडिया के हेड-बिजनेस डेवलपमेंट, इंटरनल सेल्स एवं डायरेक्ट चैनल सिद्धार्थ भट्टाचार्य के नेतृत्व में चल रही इस यात्रा के दौरान छोटे शहरों और गांवों में महिलाओं के लिए निवेशक शिक्षा कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी। इनमें किसान, छात्र, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, अभिभावक, शिक्षक, स्वयं सहायता समूहों की सदस्य, स्वास्थ्यकर्मी, उद्यमी तथा निजी और सरकारी क्षेत्र में कार्यरत महिलाएं शामिल होंगी।
कार्यशालाओं में बचत, निवेश, दीर्घकालिक संपत्ति निर्माण और वित्तीय लक्ष्यों की योजना बनाने से जुड़े विषयों को सरल तरीके से समझाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य निवेश को लेकर लोगों की झिझक दूर कर उन्हें सोच-समझकर वित्तीय निर्णय लेने के लिए सक्षम बनाना है।
फ्रैंकलिन टेम्पलटन इंडिया के प्रेसिडेंट अविनाश सातवलेकर ने कहा कि उत्तर प्रदेश वित्तीय साक्षरता और समावेशन को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। अभियान के माध्यम से विशेष रूप से महिलाओं को बचत से निवेश की ओर बढ़ने के लिए आवश्यक ज्ञान और आत्मविश्वास देने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, सिद्धार्थ भट्टाचार्य ने कहा कि महिलाओं को निवेश के प्रति जागरूक करना अभियान की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि वित्तीय ज्ञान को सरल, प्रासंगिक और व्यवहार में लाने योग्य बनाने के साथ लोगों को दीर्घकालिक वित्तीय लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment