प्रियंका गांधी के नाम पर साइबर स्कैम!

 एआई वाली आवाज और वीडियो से ठगी की कोशिश
- ऑफिस ने जारी किया अलर्ट

नई दिल्ली (एजेंसी)।इंटरनेट पर ठगी करने वाले अब बड़े नेताओं के नाम का गलत इस्तेमाल कर लोगों को चूना लगाने की कोशिश कर रहे हैं। नया मामला केरल की वायनाड सीट से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा से जुड़ा सामने आया है। प्रियंका गांधी के नाम और उनकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार की गई फर्जी आवाज के जरिए लोगों को ठगने की बड़ी साजिश रची जा रही है। मामला सामने आने के बाद प्रियंका गांधी के कार्यालय ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए सोशल मीडिया पर एक 'स्कैम अलर्ट' जारी किया है और लोगों को इस तरह के किसी भी झांसे में न आने की सलाह दी है।

प्रियंका गांधी के दफ्तर ने बताया कि वॉट्सऐप, इंस्टाग्राम समेत कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रियंका गांधी की एआई जनरेटेड फोटो और फर्जी वीडियो तेजी से शेयर किए जा रहे हैं। इन डीपफेक वीडियोज में प्रियंका गांधी की आवाज का गलत इस्तेमाल कर लोगों को एक खास स्कीम में पैसे लगाने का लालच दिया जा रहा है। कार्यालय ने स्थिति साफ करते हुए कहा है कि ये सभी वीडियो पूरी तरह से फर्जी और साइबर स्कैम का हिस्सा हैं। प्रियंका गांधी या उनके दफ्तर का ऐसे किसी भी इन्वेस्टमेंट प्लान से कोई लेना-देना नहीं है।

साइबर ठगी की इस कोशिश के बाद सांसद दफ्तर ने लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी सलाह दी है। दफ्तर ने साफ कहा है कि सोशल मीडिया पर दिख रहे ऐसे किसी भी संदिग्ध लिंक पर गलती से भी क्लिक न करें और न ही किसी फर्जी दावों या लुभावनी स्कीमों में अपना पैसा निवेश करें।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts