नगर आयुक्त ने नई सड़क के अधूरे कामों का लिया जायजा, ठेकेदारों को लगाई फटकार

दलदल, खुले मेनहोल और गड्ढों से परेशान लोगों की शिकायत पर मौके पर पहुंचे सौरभ गंगवार; अधूरे काम पहले पूरा करने के निर्देश

मेरठ। नगर आयुक्त सौरभ गंगवार अपने वादे के अनुसार नई सड़क क्षेत्र में चल रहे और अधूरे पड़े विकास कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे। भाजपा नेता आलोक सिसौदिया ने नगर आयुक्त को क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराते हुए खुदी नालियों, सड़क पर पड़े मिट्टी के ढेर और मंदिर से लगे मार्ग पर दलदल की स्थिति दिखाई।

आलोक सिसौदिया ने बताया कि सेक्टर-6 के मुख्य मार्ग पर दलदल के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो रहा है। बारिश और निर्माण कार्य के चलते यहां आए दिन दुर्घटनाओं की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने नगर आयुक्त से अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने और मार्ग को आवागमन योग्य बनाने की मांग की।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने मंदिर के सामने खुले पड़े मेनहोल को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जेसीबी से उसका ढक्कन लगवाकर बंद कराया। मुख्य मार्ग पर गड्ढों का भी निरीक्षण किया और उन्हें तत्काल गिट्टी से भरवाने के निर्देश दिए।

सड़क किनारे जगह-जगह पड़े मिट्टी और मलबे के ढेर देखकर नगर आयुक्त ने सफाई निरीक्षक को मौके पर बुलाया और तत्काल मलबा हटवाकर सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नगर आयुक्त ने कहा कि निर्माण कार्यों के कारण आम नागरिकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि पहले से खुदे और अधूरे पड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, उसके बाद ही नए कार्य शुरू किए जाएं।

जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए नगर आयुक्त ने भोलेश्वर मंदिर के आसपास विशेष साफ-सफाई कराने तथा संबंधित निर्माण कार्यों को भी समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता आलोक सिसौदिया के साथ नवीन अरोड़ा, अंकित अग्रवाल, भूपेंद्र, गौरव रस्तोगी, पप्पू पंडित, सचिन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts