18 सितंबर को यूपी के 34 जिलों में होगी बड़ी मॉक एक्सरसाइज
157 तहसीलों में भूकंप, औद्योगिक रासायनिक हादसे और अग्नि सुरक्षा की तैयारियों को परखा जाएगा
मेरठ। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से आपदा प्रबंधन तैयारियों को परखने के लिए प्रदेश के 34 संवेदनशील जनपदों की 157 तहसीलों में 18 सितंबर 2026 को राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इसमें भूकंप, औद्योगिक (रासायनिक) हादसों और अग्नि सुरक्षा से संबंधित परिस्थितियों का अभ्यास कराया जाएगा।
मॉक एक्सरसाइज की तैयारियों और सफल संचालन को लेकर गुरुवार को उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से ओरिएंटेशन एवं कोऑर्डिनेशन कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। मेरठ के संबंधित अधिकारियों और विभिन्न विभागों के हितधारकों ने एनआईसी, कलेक्ट्रेट में उपस्थित होकर कॉन्फ्रेंस में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने आगामी मॉक एक्सरसाइज के संबंध में विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी समन्वय, राहत एवं बचाव कार्यों के सुचारु संचालन तथा विभागवार जिम्मेदारियों के अनुरूप तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया।
मॉक एक्सरसाइज के दौरान संबंधित विभागों की आपसी समन्वय क्षमता, आपात स्थिति में प्रतिक्रिया और राहत-बचाव की तैयारियों को परखा जाएगा। इसका उद्देश्य वास्तविक आपदा की स्थिति में होने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों को बेहतर तरीके से तैयार करना है।
कॉन्फ्रेंस में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), नगर मजिस्ट्रेट, अपर नगर आयुक्त, उपजिलाधिकारी, आपदा विशेषज्ञ, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं हितधारक मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment