पेंशनरों की समस्याओं पर अफसर सख्त, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
पीवीवीएनएल की पेंशन अदालत में मेरठ समेत विभिन्न जिलों के छह मामलों की सुनवाई
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के ऊर्जा भवन स्थित डिस्कॉम मुख्यालय में शनिवार को पेंशन अदालत आयोजित की गई। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) के निर्देशन में आयोजित अदालत की अध्यक्षता निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) आशु कालिया ने की। इसमें सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों और उनके आश्रितों की पेंशन, पारिवारिक पेंशन, ग्रेच्युटी समेत अन्य देयकों से जुड़ी समस्याओं की सुनवाई हुई।
छह प्रकरणों पर हुई सुनवाई
पेंशन अदालत में मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर समेत विभिन्न जिलों से प्राप्त छह प्रकरणों पर सुनवाई की गई। अधिकारियों ने पेंशनरों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों की जानकारी ली। साथ ही लंबित प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि पेंशन अदालत का उद्देश्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनरों को उनके सभी देय लाभ समय पर उपलब्ध कराना है। पेंशनर्स और कर्मचारी संगठनों ने इस पहल की सराहना करते हुए अधिकारियों का आभार जताया।
पीवीवीएनएल ने बताया कि पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए पेंशन अदालत नियमित रूप से आयोजित की जाएगी। अगली त्रैमासिक पेंशन अदालत 12 दिसंबर 2026 को होगी।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता मो. सगीर, मुख्य अभियंता गुलाब सिंह, अधिशासी अभियंता अनुराग कुमार, अधिशासी अभियंता परवेज आलम, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी प्रभात कुमार, उपमुख्य लेखाधिकारी सचिन काम्बोज, राजीव आनंद, अनुराग समेत वितरण क्षेत्र के उपमुख्य लेखाधिकारी और कार्यकारी सहायक मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment