जन्माष्टमी पर भक्ति, संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली का सुंदर संगम
केएल इंटरनेशनल स्कूल में ‘मनोहरम्’ कार्यक्रम, रासलीला से लेकर पौष्टिक आहार तक दिखी भारतीय संस्कृति की झलक
मेरठ। जागृति विहार स्थित केएल इंटरनेशनल स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर ‘मनोहरम्’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन में भक्ति, भारतीय संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली का सुंदर समागम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ अभिभावकों के पारंपरिक तिलक समारोह से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने मनोहारी रासलीला और गीता-ज्ञान की प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, आदर्शों और उनके प्रेरणादायी संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
पौष्टिक आहार का दिया संदेश
कार्यक्रम में ‘न्यूट्री-ट्रिडम’ के माध्यम से सात्त्विक एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन किया गया। अभिभावकों और विद्यार्थियों को खाद्य पदार्थों के पोषण संबंधी गुणों की जानकारी दी गई। साथ ही व्रत के दौरान स्वस्थ और संतुलित आहार अपनाने का संदेश दिया गया।
रचनात्मक गतिविधियों में अभिभावकों ने लिया हिस्सा
अभिभावकों ने भी विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मटकी सजावट, बांसुरी सजावट और ‘कुकिंग विदाउट फायर’ जैसी गतिविधियों ने कार्यक्रम में उत्साह और रचनात्मकता का रंग भर दिया। इसके अलावा ‘पासिंग द मटकी’ खेल में भी अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान जन्माष्टमी, शिक्षक दिवस और पोषण से संबंधित रोचक प्रश्नों पर आधारित प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई, जिसमें अभिभावकों ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अभिभावकों के सहयोग और सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और जीवन-मूल्यों से जोड़ने के साथ स्वस्थ जीवनशैली के प्रति भी जागरूक करते हैं।


No comments:
Post a Comment