क्रेशर प्लांट में ब्लास्टिंग के दौरान हादसा, चार मजदूरों की मौत

कंपन से ऑफिस और निर्माण ढहे, मलबे में दबे मजदूरों को निकालकर वाराणसी ले जाया गया; सुरक्षा मानकों की जांच शुरू

मिर्जापुर। अहरौरा थाना क्षेत्र के भगौतीदेई स्थित एसएस रंजन स्टोन प्लांट में शनिवार को ब्लास्टिंग के दौरान हुए कंपन से बड़ा हादसा हो गया। क्रेशर प्लांट का ऑफिस और उससे जुड़े निर्माण अचानक ढह गए। मलबे में दबने से चार मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई।

प्लांट संचालक और कर्मचारियों ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला। सभी को उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सोनभद्र के जुगैल थाना क्षेत्र के बड़गांवा निवासी लाल बहादुर, अशोक, राकेश और दुर्योधन के रूप में हुई है।

घटना की सूचना पर चुनार एसडीएम अनेग सिंह, तहसीलदार इवेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी मो. फहीम और अहरौरा थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने आशंका के चलते पूरे मलबे को हटाकर सर्च ऑपरेशन कराया कि कहीं कोई अन्य मजदूर तो नहीं दबा है।

चुनार एसडीएम के अनुसार प्रारंभिक जांच में ब्लास्टिंग के कंपन से हादसा होने की बात सामने आई है। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि प्लांट में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts