यूपी में सरकारी डॉक्टर अब 70 साल तक दे सकेंगे सेवाएं

सेवानिवृत्ति के बाद पुनर्नियुक्ति का रास्ता होगा साफ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बोले- अनुभवी चिकित्सकों की विशेषज्ञता का मिलेगा मरीजों को लाभ

लखनऊ, 8 सितंबर। उत्तर प्रदेश में सरकारी चिकित्सकों को लेकर प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब सरकारी डॉक्टर सेवानिवृत्ति के बाद पुनर्नियुक्ति के माध्यम से 70 वर्ष की आयु तक अपनी सेवाएं दे सकेंगे। वर्तमान व्यवस्था के तहत सरकारी चिकित्सकों की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव स्तर से इस संबंध में आदेश जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में अनुभवी चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी। इससे मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श और बेहतर उपचार की सुविधा मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर उन स्वास्थ्य केंद्रों को राहत मिल सकती है, जहां चिकित्सकों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी बनी रहती है।

अनुभव का मिलेगा सीधा लाभ

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग स्वास्थ्य विभाग का प्रमुख चिकित्सकीय संवर्ग है। इसमें चिकित्सा अधिकारी और विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं, जो प्रदेश के सरकारी अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालते हैं।

उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद योग्य और अनुभवी चिकित्सकों को 70 वर्ष तक सेवा का अवसर मिलने से उनके वर्षों के अनुभव का सीधा लाभ मरीजों को मिल सकेगा। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता दोनों को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

विशेषज्ञों की कमी वाले क्षेत्रों पर फोकस

सरकार के मुताबिक, नई व्यवस्था का विशेष लाभ उन चिकित्सा विभागों को मिल सकता है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी अनुभवी डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध होने से स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव को पुनर्नियुक्ति से संबंधित आदेश जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य सेवानिवृत्त लेकिन योग्य चिकित्सकों की विशेषज्ञता का उपयोग करते हुए प्रदेश की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सक्षम, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाना है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts