गुजरात की छह पार्टियों को 5500 करोड़ चंदा, संजय सिंह ने उठाए सवाल
आप सांसद बोले- लोकसभा में सिर्फ 15 उम्मीदवार उतारने वाली पार्टियों को इतना चंदा कैसे मिला, चुनाव आयोग जांच कराए
लखनऊ। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुजरात में पंजीकृत छह राजनीतिक दलों को वित्तीय वर्ष 2023-24 में मिले करीब 5500 करोड़ रुपये के चंदे को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों का कोई खास राजनीतिक जनाधार नहीं है और ये भाजपा की ‘डमी पार्टियों’ के रूप में काम कर रहे हैं।
संजय सिंह ने कहा कि आम जनमत पार्टी, सत्यवादी रक्षक पार्टी, स्वतंत्रता अभिव्यक्ति पार्टी, न्यू इंडिया यूनाइटेड पार्टी, भारतीय नेशनल जनता दल और गरीब कल्याण ने लोकसभा चुनाव में कुल 15 उम्मीदवार उतारे थे। इसके बावजूद इन्हें हजारों करोड़ रुपये का चंदा मिलना सवाल खड़ा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन पार्टियों के माध्यम से काले और विदेशी धन को सफेद करने का खेल चल रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इन दलों के वित्तीय लेनदेन की जांच कराने की मांग की।
उन्होंने सहारनपुर में 1911 में बनी मस्जिद गिराए जाने के मामले को लेकर भाजपा पर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण का आरोप लगाया। राम मंदिर ट्रस्ट में नियुक्तियों और 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती में ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। सिंह ने कहा कि शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों के आंदोलन में आप उनके साथ है और मामला संसद में उठाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नौ सितंबर को लखनऊ में आप की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक होगी, जिसमें 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की जाएगी।


No comments:
Post a Comment