4.38 लाख रुपये कैश के साथ पकड़े गए ST/SC विभाग के दो ऑडिटर

स्कूल-हॉस्टल के प्रत्येक छात्र पर 10 रुपये रिश्वत मांगने का आरोप, होटल कमरों से भी मिली नकदी

भुवनेश्वर/बारीपदा। ओडिशा विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ST/SC विभाग से जुड़े दो ऑडिटरों को 14 लाख 38 हजार 340 रुपये की संदिग्ध नकदी के साथ पकड़ा है। दोनों ऑडिटर बारीपदा में जिला कल्याण कार्यालय का ऑडिट करने पहुंचे थे। विजिलेंस के अनुसार, बरामद रकम के स्रोत के बारे में दोनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। मामले में आय से अधिक संपत्ति के एंगल से भी जांच शुरू की गई है।

पकड़े गए ऑडिटरों की पहचान प्रशांत कुमार प्रधान और प्रज्ञाप्रकाश पात्रा के रूप में हुई है। विजिलेंस टीम ने गुरुवार देर रात विश्वसनीय सूचना के आधार पर दोनों को जिला कल्याण कार्यालय की स्कॉर्पियो से होटल जाते समय रोका।

52 लिफाफों और 20 बंडलों में रखे थे 5.51 लाख

तलाशी के दौरान दोनों के पास से 5 लाख 51 हजार 510 रुपये नकद बरामद हुए। विजिलेंस के मुताबिक, यह रकम 52 लिफाफों और 20 खुले बंडलों में रखी थी। दोनों से नकदी के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वे इसका संतोषजनक हिसाब नहीं दे सके।

इसके बाद विजिलेंस टीम ने रॉक्सी लेन स्थित मोहापात्रा होटल में दोनों के कमरों की तलाशी ली। यहां से 8 लाख 86 हजार 830 रुपये की अतिरिक्त नकदी मिली। दोनों स्थानों से बरामद कुल रकम 14 लाख 38 हजार 340 रुपये है, जिसे विजिलेंस ने जब्त कर लिया।

हर छात्र के हिसाब से 10 रुपये मांगने का आरोप

विजिलेंस के अनुसार, दोनों ऑडिटर 30 अगस्त से बारीपदा में थे। जिला कल्याण कार्यालय के ऑडिट के बाद वे आश्रम, सेवाश्रम, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों का ऑडिट भी कर रहे थे।

आरोप है कि ऑडिट के दौरान दोनों ने स्कूलों और हॉस्टलों के प्रधानाचार्यों एवं प्रभारियों से प्रत्येक छात्र के हिसाब से 10 रुपये देने की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले की पुष्टि की और कार्रवाई करते हुए दोनों को नकदी के साथ पकड़ा।

नकदी के स्रोत की जांच जारी

विजिलेंस अब बरामद 14.38 लाख रुपये के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। दोनों ऑडिटरों से पूछताछ के साथ उनके संबंधित ठिकानों पर भी तलाशी ली जा रही है। अधिकारियों की संपत्ति और आय के बीच अंतर की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद होगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts