24 लाख रुपये मांगने पर युवक पर दिनदहाड़े 10 राउंड फायरिंग
सीने और कमर में लगीं तीन गोलियां, 500 मीटर दौड़कर बचाई जान; आरोपी के घर से 30 लाख रुपये बरामद होने का दावा
मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र के फतेउल्लापुर रोड पर शुक्रवार को जुमे की नमाज पढ़कर लौट रहे युवक हारुन पर दिनदहाड़े करीब 10 राउंड फायरिंग की गई। हमले में हारुन को तीन गोलियां लगीं। घायल हालत में भी वह जान बचाने के लिए करीब 500 मीटर तक दौड़ा, लेकिन कुछ दूरी पर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने उसे बाइक से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिजनों के मुताबिक, घटना के पीछे कमेटी के करीब 24 लाख रुपये के लेनदेन का विवाद है। आरोप है कि बकाया रकम मांगने पर इरशाद ने हारुन पर फायरिंग कर दी। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
नमाज के बाद बकाया रकम को लेकर हुआ विवाद
अलीबाग कॉलोनी निवासी हारुन स्क्रैप कारोबारी होने के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करता है। शुक्रवार को वह कॉलोनी की मस्जिद में जुमे की नमाज पढ़कर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी मुलाकात इरशाद पुत्र बशीर से हो गई।
बताया गया कि इरशाद खलचूरी का थोक कारोबार करता है। हारुन ने उससे अपने बकाया रुपये मांगे। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। आरोप है कि इरशाद ने पिस्टल निकालकर करीब 10 राउंड फायर किए, जिनमें तीन गोलियां हारुन को लगीं।
फायरिंग के बाद हारुन जान बचाने के लिए दौड़ पड़ा। करीब 500 मीटर दूर जाने के बाद वह गिर गया। लोगों ने उसे घायल अवस्था में देखा और बाइक से अस्पताल पहुंचाया।
भाई का आरोप- बेटे ने भी चलाई गोली
हारुन के भाई उमर ने आरोप लगाया कि इरशाद पर उसके भाई के करीब 24 लाख रुपये बकाया हैं। पहले भी रकम मांगी जा चुकी थी। शुक्रवार को दोबारा पैसे मांगने पर विवाद हुआ और इरशाद ने फायरिंग कर दी। उमर का यह भी आरोप है कि इरशाद के बेटे ने भी गोली चलाई।
परिजनों ने आरोपी पर अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़े होने और पुलिस-प्रशासन से नहीं डरने की धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। हालांकि इन आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है।
सीढ़ी लगाकर आरोपी के घर में दाखिल हुई पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस आरोपी इरशाद के घर पहुंची, लेकिन मुख्य गेट बंद मिला। कई बार दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिसकर्मी लकड़ी की सीढ़ी लगाकर बालकनी के रास्ते घर के अंदर पहुंचे और अंदर से दरवाजा खोला।
पुलिस ने घर में मौजूद आरोपी के परिवार की तीन महिलाओं को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी कब्जे में ली गई है।
बेड बॉक्स में बैग, करीब 30 लाख रुपये मिलने का दावा
पुलिस की तलाशी के दौरान आरोपी के घर के बेड बॉक्स से एक बैग मिला। इसमें करीब 30 लाख रुपये नकद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने रकम को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बरामद रकम का 24 लाख रुपये के कथित बकाये से कोई संबंध है या नहीं।
पुलिस ने दो हथियार किए बरामद
सीओ संग्राम सिंह के अनुसार, कमेटी के पैसों के विवाद में फायरिंग की सूचना मिली थी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस के मुताबिक, गोली पिस्टल से चलाई गई थी और दो हथियार भी बरामद किए गए हैं।

No comments:
Post a Comment