हवा में फेल हुआ विमान का इंजन, 140 यात्रियों की अटकी सांसें; जयपुर में एयर इंडिया की इमरजेंसी लैंडिंग
भोपाल से दिल्ली जा रही फ्लाइट AI-1886 को एहतियातन जयपुर डायवर्ट किया गया; सभी यात्री सुरक्षित, तकनीकी जांच में जुटी इंजीनियरिंग टीम
जयपुर। भोपाल से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1886 की रविवार को जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। उड़ान के दौरान विमान के इंजन में तकनीकी खराबी की सूचना मिलने के बाद पायलट ने एहतियातन विमान को जयपुर की ओर मोड़ दिया। विमान में सवार सभी 140 यात्री सुरक्षित हैं।
इंजन फेल होने की सूचना, आधिकारिक पुष्टि बाकी
जानकारी के मुताबिक उड़ान के दौरान विमान के इंजन में खराबी आने की बात सामने आई। इसके बाद पायलट ने जयपुर एयरपोर्ट से संपर्क किया और विमान को सुरक्षित उतारा गया। हालांकि, इंजन फेलियर की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। यात्रियों को विमान से उतारकर एयरपोर्ट के अराइवल हॉल में ले जाया गया। एयर इंडिया की इंजीनियरिंग टीम विमान की तकनीकी जांच कर रही है।
तय समय से 22 मिनट बाद भरी थी उड़ान
AI-1886 को भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से सुबह 8:25 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन विमान ने करीब 8:47 बजे टेकऑफ किया। इसे सुबह 9:55 बजे दिल्ली पहुंचना था, लेकिन रास्ते में तकनीकी समस्या के चलते जयपुर डायवर्ट कर दिया गया।
पहले लखनऊ में भी हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग
इससे पहले एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट की लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। विमान के कार्गो में धुएं का अलार्म बजने के बाद पायलट ने एहतियातन विमान उतारा था। जांच के दौरान विमान में धुएं के कोई संकेत नहीं मिले थे। इसके बाद अलार्म बजने के कारणों की तकनीकी जांच की गई थी।

No comments:
Post a Comment