मेरठ के होटल में भीषण आग, 12 कमरे और दो कारें जलकर खाक

पार्किंग से उठी लपटों ने कुछ ही देर में पूरे होटल को घेरा, बगल के इंडियन बैंक तक पहुंची आग; दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल ने पाया काबू, कोई जनहानि नहीं

मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित अविका होटल में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। पार्किंग से शुरू हुई आग देखते ही देखते विकराल हो गई और होटल के 12 कमरों समेत अंदर रखा सामान जलकर खाक हो गया। पार्किंग में खड़ी दो कारें भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं। आग की लपटें होटल से सटी इंडियन बैंक की शाखा तक पहुंचने लगीं, जिससे वहां भी अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। अलग-अलग स्थानों से आग बुझाने का प्रयास किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात रही कि घटना के समय होटल में कोई ग्राहक नहीं था और सभी मौजूद कर्मचारी समय रहते बाहर निकल आए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पार्किंग से शुरू हुई आग, कमरों तक पहुंची लपटें

शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे होटल की पार्किंग में अचानक आग लगी। देखते ही देखते आग वहां रखे सोफों और अन्य सामान तक पहुंच गई। इसके बाद लपटें ऊपर की ओर फैलने लगीं और पार्किंग में खड़ी ईऑन और ब्रेजा कारों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

आग तेजी से फैलते हुए ग्राउंड फ्लोर पर बने पार्टी हॉल और फिर प्रथम तल तक पहुंच गई। होटल के 12 कमरे और उनमें रखा सामान आग की चपेट में आकर जल गया। आग और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा।

बैंक की तरफ बढ़ीं लपटें, मचा हड़कंप

होटल के पास ही इंडियन बैंक की शाखा है। आग की लपटें बैंक की ओर बढ़ने लगीं तो वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दमकलकर्मियों ने आग को बैंक की ओर फैलने से रोकने के लिए मोर्चा संभाला। काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। बैंक में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

होटल के गार्ड रतन पाल सिंह के मुताबिक, शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि पहले पार्किंग में रखे सोफों में आग लगी और फिर लपटें ऊपर तक पहुंच गईं। इसके बाद आग ने पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

गार्ड के अनुसार, आग लगने के समय होटल में वह और मालिक मौजूद थे। दोनों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ने पर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इस दौरान उनके हाथ भी झुलस गए।

होटल में नहीं था कोई ग्राहक

होटल में कुल 25 कमरे बताए गए हैं, जिनमें तीन स्टोर रूम हैं। फिलहाल 12 कमरे किराए पर दिए जा रहे थे। घटना के वक्त किसी ग्राहक के होटल में मौजूद नहीं होने से बड़ी जनहानि टल गई।

गार्ड ने आग से करीब पौने दो करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस ने पूरे होटल की कराई जांच

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। होटल में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। पूरे होटल की जांच कराई गई और किसी व्यक्ति के अंदर फंसे होने की पुष्टि नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि कुछ लोगों के होटल में फंसे होने की सूचना मिली थी, लेकिन जांच में ऐसा कुछ नहीं मिला। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts