मेरठ में दिखेगा आईपीएल सितारों का जलवा, 12 सितंबर से वैभव टी-20 चैंपियंस ट्रॉफी
रिंकू सिंह, समीर रिजवी, जीशान अंसारी और विप्रज निगम समेत कई स्टार खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे; आठ टीमों के बीच होगी खिताब की जंग
मेरठ, 10 सितंबर। यूपी टी-20 लीग के बाद अब मेरठ में उत्तर प्रदेश के स्टार क्रिकेटरों का जमावड़ा लगेगा। गांधी बाग क्रिकेट मैदान में 12 सितंबर से 17वीं मास्टर वैभव टी-20 चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन होगा। प्रतियोगिता में रिंकू सिंह, समीर रिजवी, जीशान अंसारी, विप्रज निगम और रितुराज शर्मा समेत कई आईपीएल खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे।
गुरुवार को गांधी बाग क्रिकेट मैदान में आयोजित पत्रकारवार्ता में एमडीसीए पदाधिकारियों ने बताया कि मास्टर वैभव की स्मृति में आयोजित प्रतियोगिता में मेरठ, आगरा, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, लखनऊ, मुरादाबाद और अलीगढ़ समेत विभिन्न जिलों की आठ टीमें हिस्सा लेंगी। अलीगढ़ की टीम से रिंकू सिंह, लखनऊ से जीशान अंसारी और विप्रज निगम के अलावा मेरठ की टीम में भी कई स्टार खिलाड़ी शामिल होंगे।
12 सितंबर को होगा उद्घाटन
आयोजन अध्यक्ष स्पर्श सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्घाटन 12 सितंबर को सुबह आठ बजे गांधी बाग क्रिकेट मैदान में होगा। उद्घाटन मुकाबला एमडीसीए मेरठ रेड और मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के बीच खेला जाएगा।
आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप-ए में एमडीसीए मेरठ रेड, डीसीए आगरा, गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन और मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन हैं। ग्रुप-बी में एमडीसीए मेरठ ब्लू, क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ, डीएसए मुरादाबाद और अलीगढ़ स्पोर्ट्स एसोसिएशन शामिल हैं।
ग्रुप-ए के मुकाबले 12 से 14 सितंबर और ग्रुप-बी के मैच 15 से 17 सितंबर तक होंगे। 18 सितंबर को दोनों सेमीफाइनल खेले जाएंगे, जबकि 19 सितंबर को फाइनल मुकाबला होगा। विजेता टीम को एक लाख रुपये और उपविजेता को 60 हजार रुपये के साथ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
चयनकर्ताओं की भी रहेगी नजर
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के वरिष्ठ चयनकर्ताओं की नजर रहेगी। यूपी टी-20 लीग की सभी छह फ्रेंचाइजी के पदाधिकारी भी मुकाबले देखने पहुंचेंगे। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए चयन का रास्ता खुल सकता है। युवा खिलाड़ियों को यूपी टी-20 लीग की टीमों के कैंप में शामिल किए जाने की संभावना भी रहेगी।
पत्रकारवार्ता में आयोजन सचिव सुभाष चंद्र शर्मा, एमडीसीए सदस्य अनुराग अग्रवाल, पुलक गर्ग, विनोद शर्मा, संजय रस्तोगी, पूर्व आरएसओ प्रेम कुमार और तनकीब अख्तर समेत अन्य मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment