कांवड़ अवकाश में भी CCSU ने खोले दरवाजे

 छात्रों की परेशानी दूर; 370 अभ्यर्थियों को मिले प्रोविजनल प्रमाण पत्र

मेरठ। कांवड़ यात्रा के चलते विश्वविद्यालय और शिक्षण संस्थान बंद हैं, लेकिन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों की परेशानी को देखते हुए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) ने विशेष पहल की है। विश्वविद्यालय ने दो दिन के लिए छात्र सहायता केंद्र खोलकर अभ्यर्थियों को जरूरी प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए।

दरअसल, UPPSC की पीजीटी परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को 12 अगस्त तक अपने शैक्षिक अभिलेख ऑनलाइन अपलोड करने हैं। वहीं, कांवड़ यात्रा के कारण मेरठ मंडल में 3 से 12 अगस्त तक शिक्षण संस्थान बंद हैं। ऐसे में प्रोविजनल प्रमाण पत्र नहीं बन पाने के कारण सैकड़ों अभ्यर्थियों के सामने दस्तावेज अपलोड करने का संकट खड़ा हो गया था।

पहले दिन 370 छात्रों को मिली राहत

छात्रहित को देखते हुए CCSU प्रशासन ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित छात्र सहायता केंद्र को विशेष रूप से खोलने का निर्णय लिया। सोमवार को पहले ही दिन करीब 370 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया और उन्हें प्रोविजनल प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिए गए।

मंगलवार को भी सुबह 10 बजे से केंद्र खुला। दोपहर 12:30 बजे तक 100 से अधिक अभ्यर्थी प्रोविजनल डिग्री और अन्य प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन कर चुके थे। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार केंद्र शाम 5 बजे तक खुला रहा।

समयसीमा के चलते बढ़ी थी छात्रों की चिंता

एक ओर कांवड़ यात्रा के कारण विश्वविद्यालय बंद था और दूसरी ओर UPPSC ने दस्तावेज अपलोड करने की समयसीमा तय कर रखी थी। इस दोहरे आदेश के चलते मेरठ मंडल के सैकड़ों अभ्यर्थी असमंजस में थे। प्रमाण पत्र नहीं मिलने पर वे आयोग की ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे थे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसलिए यह विशेष व्यवस्था की गई है। सहायता केंद्र खुलने से छात्रों को समय पर प्रमाण पत्र मिल गए और उन्होंने राहत की सांस ली।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts