बीटेक छात्रा ने कृषि विश्वविद्यालय की तीसरी मंजिल से लगाई छलांग

परीक्षा से निष्कासन के बाद तनाव में थी छात्रा, डीन से नहीं हो सकी मुलाकात; निजी अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने शुरू की जांच

मेरठ। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मोदीपुरम में बुधवार को बीटेक द्वितीय वर्ष की एक छात्रा ने विश्वविद्यालय भवन की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। विश्वविद्यालय कर्मचारियों ने तत्काल उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गंगानगर क्षेत्र के बक्सर गांव निवासी 21 वर्षीय शिवानी विश्वविद्यालय में बीटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा है। 29 जुलाई को गणित की परीक्षा के दौरान एक प्रश्न गलत होने के बाद छात्रा ने उत्तर पुस्तिका का एक पन्ना फाड़ दिया था। परीक्षा कक्ष में मौजूद शिक्षक ने इस पर आपत्ति जताई और छात्रा को परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया था।

डीन से मुलाकात नहीं होने पर बढ़ा तनाव

परिजनों और पुलिस के अनुसार, परीक्षा से निष्कासन के बाद से छात्रा तनाव में थी। बुधवार दोपहर करीब एक बजे वह अपनी समस्या बताने के लिए डीन से मिलने विश्वविद्यालय पहुंची, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी।

इसके बाद छात्रा ने विश्वविद्यालय भवन की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के बाद आसपास मौजूद विद्यार्थियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। विश्वविद्यालय कर्मचारियों ने छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

मोबाइल और नोट्स पुलिस ने कब्जे में लिए

सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि छात्रा का मोबाइल फोन और नोट्स कब्जे में लेकर सील कर दिए गए हैं। परिजनों की ओर से तहरीर दी गई है। उसके आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। छात्रा के स्वास्थ्य की स्थिति पर भी अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts