गैराज में भीषण आग, थार समेत कई लग्जरी गाड़ियां जलकर राख
मेरठ। कैंट थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध सोफिया स्कूल के समीप सूर्य मोटर्स के गैराज में बीती देर रात को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे गैराज को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और आसमान में उठता काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के समय गैराज के भीतर कई वाहन खड़े थे। देखते ही देखते महिंद्रा थार समेत कई कीमती और लग्जरी गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं और जलकर राख हो गईं। घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय देते हुए गैराज का शटर तोड़ा और अंदर फंसी कुछ गाड़ियों को बाहर निकालने में सफलता हासिल की, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाला और लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। आग की भयावहता को देखते हुए कई फायर टेंडरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया।
सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन ने सोफिया स्कूल के आसपास के पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सील कर दिया। राहत कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए आसपास के मार्गों पर यातायात रोककर ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट किया गया। पुलिस लगातार लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील करती रही।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने दमकल विभाग के कर्मचारियों को आग पर जल्द से जल्द काबू पाने और आसपास की इमारतों एवं संपत्तियों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद विस्तृत जांच कराई जाएगी। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। वहीं घटना में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।


No comments:
Post a Comment