मेरठ का बल्ला अब ग्लोबल बाजार में लगाएगा चौका, ट्रेड शो में दिखेगा शहर के हुनर का दम
खेल उत्पादों से गजक-रेवड़ी तक दिखेगी मेरठ की पहचान, 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 45 उद्यमी और स्टार्टअप लेंगे हिस्सा
मेरठ। जिस मेरठ के बल्ले से निकले शॉट की गूंज दुनिया के क्रिकेट मैदानों तक पहुंचती है, अब उसी शहर के उद्यमियों के उत्पाद वैश्विक बाजार में अपनी पहचान बनाने की तैयारी में हैं। क्रिकेट बैट, फुटबॉल और हैंडबाल से लेकर गजक-रेवड़ी की मिठास, नानखटाई का स्वाद, मसालों की खुशबू और शहद की मिठास देश-विदेश से आने वाले खरीदारों को आकर्षित करेगी। योगी सरकार की ‘स्थानीय से वैश्विक’ सोच को आगे बढ़ाते हुए 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में मेरठ के 45 उद्यमी और स्टार्टअप अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।
खेल उत्पादों में दिखेगा मेरठ का दम
मेरठ को ओडीओपी के तहत खेल उत्पादों के लिए विशेष पहचान मिली हुई है। ट्रेड शो में जिले के उद्यमी क्रिकेट बैट, फुटबॉल, हैंडबाल समेत विभिन्न खेल सामग्री और उपकरणों का प्रदर्शन करेंगे। मेरठ की खेल सामग्री पहले से ही देश-विदेश में अपनी पहचान बना चुकी है। अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने सीधे उत्पाद रखने से उद्यमियों को नए बाजार और कारोबारी साझेदार तलाशने का अवसर मिलेगा।
योगी सरकार की ओडीओपी नीति का फोकस जिलों की विशिष्ट पहचान वाले उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर है। मेरठ का खेल उद्योग भी इसी नीति के तहत स्थानीय हुनर को बड़े बाजार से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
गजक-रेवड़ी की मिठास और नानखटाई का स्वाद भी होगा आकर्षण
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में पहली बार ओडीओसी यानी ‘एक जिला, एक व्यंजन’ के तहत फूड कोर्ट भी लगाए जा रहे हैं। यहां मेरठ के पारंपरिक स्वाद को देश-विदेश से आने वाले मेहमानों के सामने पेश किया जाएगा।
गजक, रेवड़ी और नानखटाई के साथ मेरठ के मसाले और शहद भी आकर्षण का केंद्र होंगे। ओडीओसी के तहत चयनित उद्यमियों को सरकार की ओर से स्टॉल निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्थानीय खाद्य उत्पादों को नए बाजार मिलने के साथ छोटे उद्यमियों को कारोबार विस्तार का अवसर मिलेगा।
45 उद्यमियों में 30 नए चेहरे
जिला उद्योग केंद्र की ओर से ट्रेड शो के लिए 45 उद्यमियों का चयन किया गया है। इनमें 30 नए उद्यमी हैं, जबकि 2022 से पहले उद्योग स्थापित करने वाले 15 उद्यमी शामिल हैं। चयन प्रक्रिया में नए उद्यमियों को अवसर देने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
चयनित उद्यमियों में 12 ओडीओपी, तीन ओडीओसी और 10 एमएसएमई योजना के तहत शामिल हैं। महिला उद्यमियों और स्टार्टअप को भी मंच दिया जा रहा है। ट्रेड शो में मेरठ के स्थापित कारोबार के साथ नई पीढ़ी के उद्यमियों का आत्मविश्वास और नई कारोबारी संभावनाएं भी नजर आएंगी।
नौ वर्ग मीटर तक के स्टॉल, ओडीओसी को निशुल्क सुविधा
उपायुक्त उद्योग अमरेश कुमार पांडे ने बताया कि चयनित उद्यमियों को नौ वर्ग मीटर तक का स्टॉल उपलब्ध कराया जाएगा। ओडीओसी योजना के तहत चयनित उद्यमियों को स्टॉल निशुल्क दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो मेरठ के उद्यमियों को अपने उत्पाद बड़े बाजार तक पहुंचाने और नए खरीदारों से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर देगा।
2023 में शुरू हुआ यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश के उद्यमियों के लिए कारोबार और बाजार विस्तार का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। इसका उद्देश्य ओडीओपी, एमएसएमई, महिला उद्यमियों और स्टार्टअप को देश-विदेश के खरीदारों से सीधे जोड़ना है। मेरठ के लिए यह आयोजन पारंपरिक और आधुनिक उत्पादों को बड़े बाजार के सामने प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।


No comments:
Post a Comment