खुले नाले में गिरकर डेढ़ साल के मासूम की मौत, सीसीटीवी से चला पता

घर के बाहर खेलते समय नाले में गिरा जैन, इधर-उधर तलाशता रहा परिवार; शव मिलने पर मचा कोहराम

मेरठ। सिवालखास कस्बे में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल के मासूम की खुले नाले में गिरने से मौत हो गई। घर के बाहर खेल रहा मोहम्मद जैन अचानक लापता हो गया। परिजन काफी देर तक उसे आसपास तलाशते रहे। बाद में सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर उसके नाले में गिरने की जानकारी हुई। नाले से शव बरामद होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कस्बा निवासी गुलबहार का डेढ़ वर्षीय पुत्र मोहम्मद जैन शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह घर के पास खुले नाले में जा गिरा। काफी देर तक बच्चे के दिखाई नहीं देने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास खोजबीन के बाद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो मासूम के नाले में गिरने का पता चला।

इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग नाले में उसकी तलाश में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद जैन को नाले से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

खुले नालों को लेकर लोगों में आक्रोश

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर पंचायत के खिलाफ आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि कस्बे में कई नाले खुले पड़े हैं और शिकायतों के बावजूद उन्हें ढका नहीं जा रहा है। उनका कहना है कि खुले नाले हादसों को न्योता दे रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से खुले नालों को तत्काल ढकवाने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts