सीसीएसयू में भव्यता से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, वीर नारियों और शहीदों के परिजनों का सम्मान
मेरठ, 15 अगस्त। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं हर घर तिरंगा अभियान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित नाटकों और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभागार को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
समारोह में राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के दौरान उपस्थित लोगों ने पूरे उत्साह के साथ तिरंगा लहराया और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। इस अवसर पर पूर्व सैन्य अधिकारियों एवं उनके परिजनों, वीर नारियों तथा शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को शॉल, सम्मान पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
बदलता उत्तर प्रदेश देश की प्रगति का उदाहरण : सोमेंद्र तोमर
राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेरठ क्रांतिकारियों की भूमि है। आजादी महान क्रांतिकारियों के बलिदान से मिली है। स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश और मातृभूमि के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का भी दिन है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने भी उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में राष्ट्रीय राजमार्ग और एयरपोर्ट हैं तथा देश की पहली आरआरटीएस रैपिड ट्रेन मेरठ को मिली है। कभी बीमारू राज्य कहे जाने वाला उत्तर प्रदेश आज तेजी से आगे बढ़ने वाले प्रदेशों में शामिल है।
उन्होंने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। प्रत्येक नागरिक को देश और मातृभूमि के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिसे अपने इतिहास और महापुरुषों पर गर्व होता है, वही सच्चे राष्ट्रप्रेम की भावना को समझ सकता है।
राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें : एमएलसी
एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने कहा कि देश को स्वतंत्रता दिलाने के लिए महान नायकों और अमर बलिदानियों ने अनेक संघर्ष किए। उन्होंने नागरिकों से देश और राष्ट्रहित को व्यक्तिगत हितों से ऊपर रखने तथा देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। एमएलसी अश्वनी त्यागी ने भी जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
शिक्षित एवं स्वस्थ नागरिक ही विकसित भारत की नींव : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व को भव्य तरीके से मनाना गर्व का विषय है। जनपद में हर घर तिरंगा अभियान हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन की सक्रिय भागीदारी रही है।
उन्होंने कहा कि समाज के शिक्षित होने पर ही विकसित भारत की कल्पना साकार हो सकती है। राष्ट्र सभी के लिए सर्वोपरि होना चाहिए और प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र, प्रदेश एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।
जिलाधिकारी ने अभिभावकों एवं शिक्षकों से युवाओं को सही मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक रूप से सशक्त बनाने तथा उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग के लिए विद्यार्थियों को जागरूक करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि मेरठ में विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी एवं सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। आरआरटीएस के संचालन के साथ मेरठ गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे सहित महत्वपूर्ण मार्गों से जुड़ा है। सरकार द्वारा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ निरंतर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में विधायक मेरठ कैंट अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, एमएलसी अश्वनी त्यागी, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय वर्धन तोमर, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त कुंवर वीरेंद्र मौर्य, पीडी डीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, डीपीआरओ वीरेंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, बीएसए आशा चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment