आईजीआरएस में लापरवाही पर अफसरों का वेतन रुकेगा, होगी कार्रवाई: डीएम
शिकायतों के निस्तारण में खराब प्रदर्शन पर नाराज हुए डॉ. वीके सिंह, रोजाना मॉनीटरिंग और मौके पर सत्यापन के दिए निर्देश
मेरठ। विकास भवन सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने विभागवार शिकायतों की स्थिति, निस्तारण की गुणवत्ता और शिकायतकर्ताओं से मिले फीडबैक की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी विभागीय एवं नोडल अधिकारी प्रतिदिन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की स्वयं मॉनीटरिंग करें और प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। खराब प्रदर्शन करने वाले कुछ नोडल अधिकारियों पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विद्युत विभाग के आईजीआरएस नोडल अधिकारी के बैठक में अनुपस्थित रहने और शिकायतों के निस्तारण में असंतोषजनक प्रदर्शन पर जवाब-तलब, वेतन बाधित करने तथा अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए पत्र भेजने के निर्देश दिए गए। अन्य अनुपस्थित एवं लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों से भी स्पष्टीकरण मांगने और वेतन बाधित करने को कहा गया।
डीएम ने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से फोन पर वार्ता कर फीडबैक लेने तथा आवश्यकता के अनुसार मौके पर जाकर शिकायतों का सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य और समाज कल्याण विभाग के आईजीआरएस पोर्टल का संचालन कर शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया भी देखी।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही या शिथिलता के कारण जिले की रैंकिंग प्रभावित हुई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डॉ. राम प्रसाद, एडीएम प्रशासन विजय वर्धन तोमर, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, डीपीआरओ वीरेंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी, उप कृषि निदेशक नीलेश चौरसिया, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेश कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment