अखिलेश के पोस्टर पर सियासी संग्राम, सपा अधिवक्ताओं का प्रदर्शन
आपत्तिजनक पोस्टर लगाने वालों पर कार्रवाई की मांग, योगी के पोस्टर को लेकर भी हंगामा
मेरठ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ लगाए गए कथित आपत्तिजनक पोस्टरों को लेकर मेरठ में सियासी विवाद गहरा गया। पोस्टर प्रकरण के विरोध में सपा अधिवक्ता महासभा से जुड़े अधिवक्ताओं ने कमिश्नरी चौराहे पर प्रदर्शन किया और पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष एवं अधिवक्ता नेत्रपाल सिंह कौल ने किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के खिलाफ लगाए गए पोस्टर राजनीतिक विरोध की मर्यादा के खिलाफ हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर पोस्टर लगाने वालों की पहचान करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
योगी के पोस्टर को लेकर भी हंगामा
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गरमा गया, जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पोस्टर को जलाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और स्थिति को संभाल लिया। पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित किया गया।
सपा नेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित शिकायत भी भेजी। इसमें अखिलेश यादव के खिलाफ लगाए गए पोस्टरों की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
पश्चिमी यूपी में बढ़ा पोस्टर विवाद
अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्टर लगाए जाने को लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में भी राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आ चुकी है। सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक प्रचार को स्वीकार नहीं किया जा सकता। पोस्टर प्रकरण के बाद सपा और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।


No comments:
Post a Comment