डीपीएस में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
मेरठ, 15 अगस्त। दिल्ली पब्लिक स्कूल, मेरठ में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं प्रभावशाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष सेकसरिया एवं उपप्रधानाचार्या डॉ. वर्षा भारद्वाज द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। राष्ट्रगान की सुमधुर धुन के बीच विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर हो गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, ओजपूर्ण कविता, प्रेरक भाषण, समूहगान, नृत्य-नाटिका एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत के गौरवशाली स्वतंत्रता संग्राम और वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को जीवंत किया।
प्रधानाचार्य मनीष सेकसरिया ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों से स्वतंत्रता के वास्तविक अर्थ को समझने तथा अनुशासन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा जैसे मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्रो. वाइस चेयरपर्सन शशि सिंह ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश का उज्ज्वल भविष्य आज के जागरूक, संवेदनशील और जिम्मेदार विद्यार्थियों के हाथों में है। डायरेक्टर अनुमेहा सिंह, डॉ. श्वेता सिंह एवं प्रबंधक अतुल कुमार सिंह ने भी विद्यार्थियों को देशभक्ति की भावना के साथ अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं मिष्ठान वितरण के साथ हुआ। पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के जयघोष से गूंज उठा। स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी और अविस्मरणीय रहा।



No comments:
Post a Comment