दतिया में भाजपा को बड़ा झटका, 6,016 वोटों से हारी

कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने आशुतोष तिवारी को हराया, आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव 22,527 वोट पाकर तीसरे स्थान पर

दतिया। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को बड़ा झटका देते हुए जीत दर्ज की है। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों से पराजित किया। घनश्याम सिंह को 66,757 से अधिक वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 60,741 मत प्राप्त हुए।

चुनाव में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रत्याशी दामोदर यादव मंडल तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें 22,527 वोट मिले, जो कुल मतों का करीब 14.3 प्रतिशत है। कांग्रेस को 42.39 प्रतिशत और भाजपा को 38.57 प्रतिशत वोट मिले।

15 राउंड तक कांग्रेस की बढ़त

मतगणना के शुरुआती दौर से ही घनश्याम सिंह ने बढ़त बनाए रखी। तीसरे राउंड के बाद उनकी बढ़त लगातार कायम रही और करीब 15 राउंड तक कांग्रेस प्रत्याशी भाजपा उम्मीदवार से आगे रहे। अंतिम दौर में भाजपा ने अंतर कुछ कम जरूर किया, लेकिन जीत कांग्रेस के खाते में गई।

घनश्याम सिंह की यह दतिया से तीसरी विधानसभा जीत है। इससे पहले भी वह दो बार विधायक रह चुके हैं।

नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटना भाजपा को पड़ा भारी

दतिया सीट पर भाजपा की हार के पीछे टिकट वितरण को भी महत्वपूर्ण कारण माना जा रहा है। भाजपा ने इस बार पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट न देकर आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा था। नरोत्तम मिश्रा इससे पहले दतिया से चुनाव जीतते रहे थे।

नतीजे आने के बाद उनके समर्थकों में नाराजगी की चर्चा है। समर्थकों का दावा है कि यदि नरोत्तम मिश्रा चुनाव मैदान में होते तो भाजपा को जीत मिल सकती थी।

21 प्रत्याशी मैदान में थे

दतिया उपचुनाव में कुल 21 उम्मीदवार मैदान में थे। भाजपा और कांग्रेस के अलावा 19 अन्य प्रत्याशियों ने भी चुनाव लड़ा। सीट पर 71.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

जीत के बाद घनश्याम सिंह ने जताया जनता का आभार

जीत के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को निर्वाचन अधिकारी ने जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। उन्होंने दतिया की जनता का आभार जताते हुए कहा कि जनता के समर्थन से उन्हें यह जीत मिली है।

घनश्याम सिंह ने दावा किया कि दतिया के नतीजे से पूरे देश में भाजपा के खिलाफ संदेश गया है। उन्होंने 2028 के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस की जीत का भरोसा जताया और कहा कि दतिया से शुरू हुआ राजनीतिक बदलाव आगे पूरे प्रदेश में दिखाई देगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts