PM मोदी का GenZ वीडियो फेसबुक पर कुछ घंटों के लिए हुआ ब्लॉक, Meta ने तकनीकी गड़बड़ी के लिए मांगी माफी
वीडियो पर दिखा था ‘लीगल रिक्वेस्ट’ का संदेश, बाद में Meta ने बहाल किया एक्सेस; बीजेपी ने उठाए सवाल
नई दिल्ली, 28 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का GenZ को संबोधित करने वाला एक वीडियो मंगलवार को कुछ घंटों के लिए भारत में फेसबुक पर उपलब्ध नहीं रहा। वीडियो देखने की कोशिश करने पर यूजर्स को ‘कानूनी अनुरोध के कारण यह मीडिया आपके क्षेत्र में उपलब्ध नहीं है’ का संदेश दिखाई दे रहा था। हालांकि, बाद में वीडियो को फिर से बहाल कर दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले को लेकर Meta की ओर से सरकार से माफी मांगी गई है। सूत्रों के अनुसार, वीडियो को जानबूझकर ब्लॉक या हटाया नहीं गया था, बल्कि यह तकनीकी गड़बड़ी के कारण कुछ समय के लिए दिखाई नहीं दे रहा था। बताया गया है कि Meta ने इस गड़बड़ी को स्वीकार किया है।
बीजेपी ने Meta पर उठाए सवाल
वीडियो के कुछ समय के लिए उपलब्ध नहीं होने के बाद बीजेपी की ओर से Meta पर सवाल उठाए गए। महाराष्ट्र बीजेपी की प्रवक्ता और पार्टी की आईटी एवं सोशल मीडिया प्रभारी प्रीति गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कंपनी की आलोचना की। उन्होंने सवाल उठाया कि भारत के प्रधानमंत्री द्वारा युवाओं से संवाद के लिए साझा किए गए वीडियो को देश में ही कुछ समय के लिए उपलब्ध क्यों नहीं कराया गया।
तकनीकी गड़बड़ी का दावा
सूत्रों के मुताबिक, यह दावा सही नहीं है कि फेसबुक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो को जानबूझकर ब्लॉक किया था। बताया गया कि पोस्ट को स्थायी रूप से हटाया या प्रतिबंधित नहीं किया गया था और अब यह प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। सूत्रों ने इसे पोस्ट हटाने या सेंसर करने के बजाय तकनीकी समस्या बताया है।
सरकार Meta से मांग सकती है जवाब
मामले को लेकर Meta की ओर से सरकार से माफी मांगे जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि सरकार ने घटना को गंभीरता से लिया है और Meta के अधिकारियों से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा जा सकता है।
क्या था पूरा विवाद?
रिपोर्ट्स के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब 1:25 बजे वीडियो पर मौजूद ‘See Why’ विकल्प के जरिए जानकारी सामने आई कि कानूनी अनुरोध के कारण भारत में वीडियो उपलब्ध नहीं है। हालांकि, उस संदेश में कथित कानूनी अनुरोध या संबंधित प्राधिकरण के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी।
बाद में वीडियो की उपलब्धता बहाल होने के बाद Meta की ओर से इसे तकनीकी गड़बड़ी बताया गया। फिलहाल इस घटना को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की जवाबदेही और कंटेंट मॉडरेशन प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।


No comments:
Post a Comment