ठाणे में बिल्डिंग की गैलरी का स्लैब गिरने से 13 साल की बच्ची की मौत, इमारत खाली कराई गई
मुंब्रा में 38 साल पुरानी इमारत की दूसरी मंजिल का स्लैब पहली मंजिल पर गिरा, छह लोग मलबे में फंसे
ठाणे, 28 जुलाई। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। अमृतनगर इलाके में एक पुरानी इमारत की गैलरी का स्लैब अचानक गिरने से छह लोग मलबे में फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग, टीडीआरएफ और मुंब्रा पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, जनता बेकरी के पास दर्गा गली स्थित करीब 38 साल पुरानी फैय्याज अपार्टमेंट की दूसरी मंजिल की गैलरी का स्लैब गिरकर पहली मंजिल पर जा गिरा। हादसे के दौरान छह लोग मलबे में फंस गए थे। बचाव दल ने सभी छह लोगों को मलबे से बाहर निकाल लिया। इनमें पांच लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 13 वर्षीय आस्मा कादर शेख गंभीर रूप से घायल हो गई।
आस्मा को तत्काल इलाज के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल, कलवा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
70 से 80 निवासियों को किया जा रहा स्थानांतरित
प्रशासन के अनुसार, फैय्याज अपार्टमेंट ग्राउंड प्लस चार मंजिला और करीब 38 वर्ष पुरानी इमारत है। इसे सी2बी श्रेणी में रखा गया है। हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर पूरी इमारत को खाली करा लिया गया है।
इमारत में रहने वाले करीब 70 से 80 लोगों को एहतियात के तौर पर अस्थायी रूप से ठाणे महानगरपालिका के स्कूल नंबर 78 और 123 में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
घटनास्थल पर दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग, टीडीआरएफ, मुंब्रा पुलिस और सार्वजनिक निर्माण विभाग समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद हैं। प्रशासन की निगरानी में हादसे के बाद की कार्रवाई की जा रही है।


No comments:
Post a Comment