बी.एस.के. मॉडल स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया ‘येलो डे’

पीले रंग में रंगा विद्यालय परिसर, बच्चों ने नींबू-चम्मच रेस और येलो क्विज में लिया हिस्सा

मेरठ। कंकरखेड़ा, मेरठ कैंट स्थित बी.एस.के. मॉडल स्कूल में 27 जुलाई 2026 को ‘येलो डे’ का आयोजन बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर सभी बच्चे पीले रंग के परिधान पहनकर विद्यालय पहुंचे। पीले रंग की सजावट, गुब्बारों और बच्चों की मुस्कान से विद्यालय परिसर का वातावरण खुशनुमा हो गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में आपसी सहयोग की भावना विकसित करने के साथ ही पीले रंग और नींबू के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। बच्चों ने पीले रंग का भोजन और शीतल लेमन जूस का आनंद लिया। शिक्षिकाओं ने बच्चों को नींबू के पोषण संबंधी महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें विटामिन-सी पाया जाता है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में सहायक है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। ‘नींबू-चम्मच रेस’ और ‘येलो क्विज’ आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। क्राफ्ट कॉर्नर में बच्चों ने पीले कागज से सूरज, केला और नींबू जैसी आकर्षक आकृतियां बनाईं। बच्चों ने एक-दूसरे के साथ केला, आम, अनानास जैसे पीले फलों और अपना भोजन साझा कर आपसी प्रेम और सहयोग की भावना का परिचय दिया।

कार्यक्रम में अर्थ, प्रियांशी लोधी, विराज, मृदुल त्रिपाठी, अक्षत सिंह, अवीर, कबीर, देव लोधी, अस्प्रीत कौर, सम्भूल, रिजा, अवयंश, काव्यांश राजपूत, कुलविंदर, लवप्रीत सिंह, कशिश, नमन, रिद्धि और जसविंदर सिंह सहित अनेक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों के चेहरों पर उत्साह और उमंग देखते ही बन रही थी।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाओं नीतू सिंह, रमनप्रीत कौर, सपनदीप कौर, अजनेश, तान्या यादव और श्वेता अरोरा का विशेष योगदान रहा।

विद्यालय के प्रबंधक सुखविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार के रंग आधारित आयोजन बच्चों के मानसिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय निदेशक डॉ. कर्मेंद्र सिंह ने कहा कि विद्यालय का प्रयास है कि पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को व्यावहारिक और रचनात्मक गतिविधियों से भी जोड़ा जाए, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts