पॉक्सो आरोपी ने नाबालिग समेत छह को उतारा मौत के घाट

- एक ही रात में खत्म हो गए दो परिवार

हैदराबाद (एजेंसी)।तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में शनिवार तड़के पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी ने कथित तौर पर पहले उसने नाबालिग पीड़िता, उसकी मां और नानी की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी ही पत्नी और दो बच्चों को भी मौत के घाट उतार दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पॉक्सो केस का आरोपी 35 वर्षीय राजू कुमार ने इस वारदात को अंजाम दिया। मृतकों में नाबालिग लड़की, उसकी मां, उसकी नानी, आरोपी की पत्नी और उसके दो बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद आरोपी ने अपने माता पिता को फोन कर पूरी वारदात की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले से पॉक्सो एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका था और फिलहाल जमानत पर बाहर था। जिस नाबालिग लड़की को उसने निशाना बनाया, उसका परिवार शाहबाद इलाके में रहता है। आरोपी मूल रूप से रायवलागुडा का रहने वाला बताया जा रहा है।घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वहीं, इस हत्याकांड पर मृत नाबालिग लड़की के चाचा नरेश ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी ने मेरी चाची और लड़की की हत्या कर दी। उसने पहले भी लड़की को परेशान किया था और उस पर पाक्सो के तहत मामला दर्ज किया गया था। उसने कहा था कि वह एक-दो हफ्ते में पूरे परिवार को मार डालेगा। मामला दर्ज होने के बाद भी उसे पूछताछ या रिमांड के लिए नहीं ले जाया गया। मामला दर्ज होने के सिर्फ दो दिन बाद ही वह जमानत पर बाहर आ गया था। उसने रिश्वत दी थी और मामला दबा दिया गया। अब उसने लड़की की हत्या कर दी है और यह सब पुलिस की लापरवाही की वजह से हुआ है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts