नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' प्रतियोगिताएं संपन्न, विजेता करेंगे राज्य स्तर पर मेरठ का प्रतिनिधित्व
मेरठ। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा एमवाई भारत (MY Bharat) के संयुक्त तत्वावधान में "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" अभियान के अंतर्गत जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन आईआईएमटी विश्वविद्यालय, गंगानगर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक डॉ. धीरेन्द्र कुमार तथा विशिष्ट अतिथि आईआईएमटी विश्वविद्यालय के डीन एक्टिविटीज डॉ. लाखविंदर सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने गीत, समूह नृत्य, एकल नृत्य, नुक्कड़ नाटक, एकल अभिनय, भाषण, रैप/बीट बॉक्सिंग, स्लोगन लेखन और स्लैम पोएट्री जैसी विधाओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशा उन्मूलन का प्रभावी संदेश दिया।
जिला युवा अधिकारी यशवंत सिंह यादव ने प्रतिभागियों को MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण की जानकारी दी और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं अतिथियों को "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" की शपथ भी दिलाई।
प्रतियोगिता में गीत में सानिया, समूह नृत्य में शिवेत एवं टीम, एकल नृत्य में सूरज गौतम, नुक्कड़ नाटक में नेहा त्यागी एवं टीम, एकल अभिनय में अक्षिता खोखर, भाषण में प्रिया जाखड़, स्लोगन लेखन में अखिल कुमार तथा स्लैम पोएट्री में अदिति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता अब लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मेरठ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आईआईएमटी विश्वविद्यालय का विशेष सहयोग रहा। इसके अलावा नरेंद्र त्यागी और संदीप के योगदान की भी सराहना की गई। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों, शिक्षकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से नशा मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।


No comments:
Post a Comment