हर बच्चे तक शिक्षा का लाभ पहुंचाना लक्ष्य: सीएम योगी

- सहारनपुर में 'स्कूल चलो अभियान' के दूसरे चरण का किया शुभारंभ
सहारनपुर।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सहारनपुर से राज्यव्यापी 'स्कूल चलो अभियान-2026' के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया। सीएम योगी निर्धारित समय से करीब सवा घंटे की देरी से सहारनपुर पहुंचे। उनका विमान सरसावा एयरपोर्ट पर उतरा, जहां से वह सीधे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए।
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने शिक्षा को व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि अच्छी शिक्षा ही अच्छे नागरिक, शिक्षक, अधिकारी, चिकित्सक, इंजीनियर और जनप्रतिनिधि तैयार करती है। कार्यक्रम में मंच से जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि भविष्य निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी जिस भी क्षेत्र में आगे बढ़े, वह आत्मविश्वास के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सके, इसी उद्देश्य से वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में 'स्कूल चलो अभियान' की शुरुआत की गई थी।

सुबह से हो रही बारिश के बावजूद जनता रोड स्थित महाराज सिंह डिग्री कॉलेज मैदान में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग जुटे रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के सकारात्मक परिणाम इसलिए सामने आए क्योंकि सरकार की नीयत साफ थी और शिक्षा के उन्नयन के लिए स्पष्ट नीति बनाई गई। बिना किसी भेदभाव के सरकारी योजनाओं का लाभ हर बच्चे तक पहुंचाने के संकल्प के साथ सरकार लगातार काम कर रही है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 में बेसिक शिक्षा परिषद के केवल 36 प्रतिशत विद्यालय ही आवश्यक सुविधाओं से पूरी तरह संतृप्त थे। अधिकांश स्कूलों में शौचालय, स्वच्छ पेयजल, फर्नीचर, पुस्तकालय, मिड-डे मील के लिए रसोईघर और चारदीवारी जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था।
उन्होंने बताया कि सरकार ने स्थिति बदलने के लिए 'ऑपरेशन कायाकल्प' शुरू किया। इसके तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और समाज के विभिन्न वर्गों के सहयोग से बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में व्यापक स्तर पर आधारभूत सुविधाएं विकसित की गईं।
सीएम योगी ने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। यदि कोई बच्चा स्कूल नहीं जाता है तो यह केवल उसके परिवार की नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की भी क्षति है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर, उद्यमी, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी बनेंगे। इसलिए ऐसी पीढ़ी तैयार करनी होगी जो राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाए। उन्होंने इसे पूरे समाज का राष्ट्रीय दायित्व बताया।
मुख्यमंत्री ने सहारनपुर के जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, शिक्षकों, सांसदों, विधायकों और समाज के सभी वर्गों से 'स्कूल चलो अभियान' को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts