मेरठ कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र पर रोजगारपरक एवं नवाचार आधारित पाठ्यक्रमों की शुरुआत

बीए होम साइंस, क्रिमिनल जस्टिस एवं सोशल वर्क सहित अनेक नए विषयों में प्रवेश प्रारंभ

ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई

मेरठ। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के मेरठ कॉलेज,स्थित अध्ययन केंद्र ने जुलाई 2026 सत्र के लिए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं रोजगारपरक शिक्षा को ध्यान में रखते हुए अनेक नवीन एवं उपयोगी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इस सत्र में बीए होम साइंस तथा क्रिमिनल जस्टिस एवं सोशल वर्क में सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं। इसके अतिरिक्त एमए भगवद्गीता, ज्योतिष, हिंदू अध्ययन, एंथ्रोपोलॉजी, जनरलिज्म तथा एप्लाइड उर्दू जैसे आधुनिक एवं बहुआयामी विषयों में भी प्रवेश उपलब्ध है।

इग्नू का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं रोजगारपरक शिक्षा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाना है। इसी दिशा में अध्ययन केंद्र विद्यार्थियों को ऐसे पाठ्यक्रम उपलब्ध करा रहा है, जो ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल एवं रोजगार की संभावनाओं को भी सुदृढ़ बनाते हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, शोध तथा स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

मेरठ कॉलेज के प्राचार्य प्रो. युद्धवीर सिंह ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप कौशल आधारित एवं बहुविषयक शिक्षा समय की आवश्यकता है। इग्नू द्वारा प्रारंभ किए गए ये पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान, आधुनिक दृष्टिकोण तथा रोजगारोन्मुखी दक्षता प्रदान करेंगे। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से इन पाठ्यक्रमों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

इग्नू अध्ययन केंद्र, मेरठ कॉलेज के समन्वयक प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज ने बताया कि जुलाई 2026 सत्र के लिए नवीन प्रवेश (Fresh Admission) तथा री-रजिस्ट्रेशन (Re-registration) की प्रक्रिया ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से जारी है। उन्होंने बताया कि प्रवेश एवं री-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने विद्यार्थियों से अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते आवेदन करने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि अध्ययन केंद्र पर पूर्व से संचालित स्नातक, स्नातकोत्तर, वाणिज्य, प्रबंधन तथा अन्य व्यावसायिक कार्यक्रमों में भी प्रवेश जारी है। विद्यार्थियों को प्रवेश, अध्ययन सामग्री, शैक्षणिक परामर्श एवं परीक्षा संबंधी सभी सुविधाएँ अध्ययन केंद्र पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी अध्ययन केंद्र पर व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सकते हैं अथवा उपर्युक्त ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है, जिससे वे जुलाई 2026 सत्र का लाभ प्राप्त कर सकें।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts