जंतर-मंतर के प्रदर्शन में चर्चा का विषय बना मेरठ का ‘ब्लू ड्रम’
प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की तस्वीर वाले ड्रम के साथ शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई
नई दिल्ली/मेरठ, 26 जुलाई।दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड से जुड़ा प्रतीकात्मक नीला ड्रम चर्चा का विषय बन गया। प्रदर्शन में शामिल कुछ युवाओं ने एक नीला प्लास्टिक ड्रम लेकर प्रदर्शन किया, जिस पर इस मामले की आरोपी मुस्कान रस्तोगी की तस्वीर और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के नाम के साथ इस्तीफे की मांग से जुड़े संदेश लिखे गए थे।
प्रदर्शन के दौरान ड्रम पर "Last Warning to Dharmendra Pradhan" और "धर्मेंद्र प्रधान मान जाओ, इस्तीफा दो" जैसे नारे लिखे दिखाई दिए। इस प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उक्त ड्रम प्रदर्शन स्थल पर कौन लेकर पहुंचा था या इसका आयोजन किस व्यक्ति अथवा समूह द्वारा किया गया था। इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
उल्लेखनीय है कि मेरठ का सौरभ राजपूत हत्याकांड पहले से ही व्यापक चर्चा में रहा है। अब उसी मामले से जुड़े प्रतीकात्मक नीले ड्रम का इस्तेमाल जंतर-मंतर के प्रदर्शन में किए जाने से यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।


No comments:
Post a Comment