रैपिड से मेरठ पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी
'मन की बात' कार्यक्रम सुना, पौधारोपण किया; छात्र मुद्दे पर बोले— युवा राष्ट्र की धरोहर
मेरठ, 26 जुलाई।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी रविवार को रैपिड रेल से मेरठ पहुंचे। बेगमपुल मेट्रो स्टेशन पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने एसजीएम गार्डन में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण किया।
इसके उपरांत पंकज चौधरी एसजीएम स्थित बूथ संख्या-312 पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का प्रसारण सुना। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि 'मन की बात' कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले लोगों और प्रेरक प्रयासों को सामने लाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि इसमें पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त अभियान, पुनर्चक्रण, अंतरिक्ष क्षेत्र की उपलब्धियों और अन्य जनहित के विषयों पर देशवासियों को प्रेरित किया जाता है।
छात्र आंदोलन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग से जुड़े प्रश्न पर पंकज चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने हमेशा युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि युवा किसी राजनीतिक दल के नहीं, बल्कि राष्ट्र की सबसे बड़ी धरोहर और भविष्य हैं। उनके अनुसार, शिक्षा संबंधी निर्णय भी विद्यार्थियों के हित और उनके समय की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिए जाते हैं।
मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले पर उन्होंने कहा कि पुलिस शुरू से ही गंभीरता से जांच कर रही है और कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर, विधायक अमित अग्रवाल, महापौर हरिकांत आहलूवालिया, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



No comments:
Post a Comment