जंतर-मंतर लाठीचार्ज, पेपर लीक और भर्ती घोटालों पर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन
बरसात के बाद भी चौ. चरण सिंह पार्क में डटे रहे भी आर्मी के लोग
मेरठ। भीम आर्मी भारत एकता मिशन, जिला मेरठ के जिलाध्यक्ष चतर सिंह जाटव के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी मेरठ के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 20 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच, देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक एवं भर्ती घोटालों के लिए जवाबदेही तय करने तथा शिक्षा एवं भर्ती प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि पिछले कई वर्षों से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, भर्ती घोटालों और अनियमितताओं की घटनाओं ने लाखों-करोड़ों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। संगठन का आरोप है कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और अभ्यर्थियों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, जिससे कई छात्र घायल हुए। ज्ञापन में इस घटना को लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के विरुद्ध बताया गया।
संगठन ने राष्ट्रपति से मांग की कि जंतर-मंतर लाठीचार्ज की उच्चस्तरीय न्यायिक अथवा स्वतंत्र एजेंसी से समयबद्ध जांच कराई जाए, दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई हो तथा आंदोलन में शामिल छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं। इसके साथ ही देशभर में पेपर लीक और भर्ती घोटालों के लिए जिम्मेदारी तय करने, संबंधित संस्थाओं की भूमिका की जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग उठाई गई।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि इन घटनाओं की नैतिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें अथवा उन्हें पद से हटाया जाए, ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा शिक्षा माफियाओं और दोषी अधिकारियों की संपत्ति जब्त करने, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सुरक्षित एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने, वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी करने, भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा विवादित नॉर्मलाइजेशन प्रणाली की समीक्षा करने की मांग भी की गई।
संगठन ने आंदोलन के दौरान घायल छात्रों को समुचित चिकित्सा सहायता एवं मुआवजा देने तथा परीक्षा घोटालों और आंदोलन से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता और न्याय प्रदान करने की भी मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखने तथा परीक्षा एवं भर्ती प्रणाली को निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाने के लिए सरकार को शीघ्र प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
इस अवसर पर चतर सैन जाटव, जैकी , शान मौहम्मद,राम बहादुर राजेश गौतम, अंकित कुमार, राहुल फौजी आदि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment