मेरी मौत का जिम्मेदार मैं खुद हूं...':
हाथ पर नोट लिखकर युवक ने लगाई फांसी
भाई बोला- समझ नहीं आ रहा क्यों उठाया कदम
मेरठ। थाना परतापुर क्षेत्र के शताब्दी नगर सेक्टर-4सी स्थित पार्क वाली गली में बीती देर रात एक युवक ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह जब परिजन उसे उठाने पहुंचे तो कमरे का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला।उसने अपने बाएं हाथ में एक नोट भी लिख रखा था। नोट में उसने अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को बताया था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मौके से सबूत इकट्ठा कर मामले की जांच शुरू कर दी।
शताब्दी नगर सेक्टर-4सी के रहने वाले सुभाष पांडेय (30) पुत्र रामबालक पांडेय एक निजी फैक्ट्री में मजदूर हैं। सुभाष के माता-पिता की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। सुभाष चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। बड़ा भाई अजय पांडे(44) ठेकेदारी के तहत मजदूरी का काम करता है। सबसे छोटा भाई नकुल पांडे(25) झारखंड में ट्रक ड्राइविंग का काम करता है।
सुभाष बड़े भाई अजय के साथ एक ही मकान में रहता था। गुरूवार की रात रोजाना की तरह खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। शुक्रवार सुबह काफी देर तक बाहर नहीं आने पर भाई उसे उठाने कमरे में गया। कमरे में सुभाष रस्सी के फंदे से लटका था। भाई का शव देख अजय चीख पड़ा। अजय की चीक सुनकर आसपास मौजूद लोग वहां पहुंचे। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
हाथ में लिखा था सुसाइड नोट
शव का बारीकी से निरीक्षण करन पर सुभाष के बाएं हाथ पर एक नोट लिखा मिला। जिसे पुलिस ने महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया है। हाथ पर लिखा था, “राधे-राधे... मेरी मौत का कारण मैं खुद हूं। इसमें किसी की कोई जिम्मेदारी नहीं है। ऐसा कदम कोई न उठाए।”। पुलिस इस नोट के साथ-साथ मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
भाई बोला- कोई रंजिश नहीं थी, पता नहीं क्यो उठाया ऐसा कदम
भाई अजय का कहना है कि सुभाष का किसी से कोई विवाद नहीं था। न तो किसी प्रकार की रंजिश थी और न ही किसी प्रेम-प्रसंग की जानकारी या आशंका थी। अचानक उठाए गए इस कदम से परिवार सदमे में है। भाई का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया?
बोले अधिकारी
परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


No comments:
Post a Comment