सीएसके में बड़े बदलाव के संकेत, फ्लेमिंग के बाद कोचिंग स्टाफ पर भी संकट
बॉलिंग कोच एरिक सिमंस और बैटिंग कोच माइक हसी के भविष्य पर सस्पेंस
चेन्नई, 14 जुलाई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) में बड़े बदलावों का दौर शुरू हो गया है। 18 वर्षों तक टीम के मुख्य कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग के पद छोड़ने के बाद अब टीम के अन्य कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस भी टीम से अलग हो सकते हैं। वहीं, बल्लेबाजी कोच माइक हसी के भविष्य को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है। हालांकि, फ्रेंचाइजी की ओर से इस संबंध में कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि फ्लेमिंग और सीएसके प्रबंधन के बीच आपसी सहमति से अलग होने का निर्णय लिया गया। पिछले कुछ वर्षों में टीम का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। आईपीएल के पिछले तीन सत्रों में चेन्नई सुपर किंग्स क्रमशः पांचवें, दसवें और आठवें स्थान पर रही, जिसके बाद टीम में व्यापक बदलाव की संभावना पहले से ही जताई जा रही थी।
स्टीफन फ्लेमिंग केवल चेन्नई सुपर किंग्स ही नहीं, बल्कि सीएसके समूह की अन्य टी-20 टीमों—टेक्सास सुपर किंग्स (एमएलसी) और जोबर्ग सुपर किंग्स (एसए20)—के भी प्रमुख कोचिंग दायित्व संभाल रहे थे। इन टीमों का प्रदर्शन भी हाल के सीजन में अपेक्षित स्तर का नहीं रहा।
सीएसके के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) काशी विश्वनाथन ने कहा कि फ्लेमिंग का पद छोड़ने का फैसला दोनों पक्षों की आपसी सहमति और सकारात्मक बातचीत के बाद लिया गया। माना जा रहा है कि आगामी सीजन से पहले टीम के कोचिंग स्टाफ और रणनीति में कई महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं।


No comments:
Post a Comment