घंटाघर-केसरगंज रोड चौड़ीकरण का विरोध तेज, व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
मेरठ। घंटाघर-केसरगंज रोड के प्रस्तावित चौड़ीकरण को लेकर व्यापारियों का विरोध तेज हो गया है। शनिवार को घंटाघर स्थित एकता बाजार नगर निगम रोड व्यापार संघ की बैठक अध्यक्ष मोहम्मद इमरान के कैंप कार्यालय पर आयोजित हुई, जिसमें व्यापारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर दुकानों और प्रतिष्ठानों को हटाने का प्रयास किया गया तो व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। संयुक्त व्यापार संघ ने भी व्यापारियों के आंदोलन को समर्थन देने का आश्वासन दिया है।
बैठक को संबोधित करते हुए व्यापार संघ के अध्यक्ष मोहम्मद इमरान ने कहा कि घंटाघर क्षेत्र मेरठ की ऐतिहासिक धरोहर है। यहां स्थित ऐतिहासिक घंटाघर शहर की पहचान है और इसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण की किसी भी योजना में क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत और व्यापारियों के हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
व्यापारियों ने ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए वैकल्पिक सुझाव भी दिए। उनका कहना था कि रेलवे रोड को वन-वे घोषित कर दिया जाए तथा रेलवे रोड और केसरगंज रोड में से एक मार्ग को आने और दूसरे को जाने के लिए आरक्षित कर दिया जाए। उनका दावा है कि इससे बिना किसी ध्वस्तीकरण के यातायात व्यवस्था सुचारु हो सकती है।
महामंत्री सुरेश सिंहल ने आरोप लगाया कि मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) के अधिकारियों ने दुकानों में जबरन प्रवेश कर नाप-जोख की, जिससे व्यापारियों में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि व्यापारी अपने अधिकारों से समझौता नहीं करेंगे और यदि उन्हें उजाड़ने का प्रयास किया गया तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
बैठक के दौरान संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया। उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनके हितों की रक्षा के लिए संयुक्त व्यापार संघ हर स्तर पर उनके साथ खड़ा रहेगा।
व्यापारियों ने नगर निगम परिसर में प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग का भी विरोध किया। उनका कहना था कि संकरे मार्ग पर पार्किंग का निर्माण व्यावहारिक नहीं है और इससे यातायात व्यवस्था में और अधिक बाधा उत्पन्न होगी।
बैठक में अतुल गर्ग, समीर, रिजवान, जावेद, नीरज अग्रवाल, मयंक शर्मा, सुशील गोस्वामी, अरशान, अशरफ सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment