देश को मिली पहली हाइड्रोजन ट्रेन
पीएम मोदी ने जींद से दिखाई हरी झंडी, जींद–सोनीपत के बीच होगा संचालन
हाइड्रोजन तकनीक से संचालित यह ट्रेन बिजली उत्पादन के लिए हाइड्रोजन ईंधन का उपयोग करती है, जिससे संचालन के दौरान कार्बन उत्सर्जन नहीं होता। इस कारण इसे शून्य प्रदूषण वाली ट्रेन माना जा रहा है। ट्रेन में 10 कोच हैं और इसकी अधिकतम गति लगभग 110 किलोमीटर प्रति घंटा है। उद्घाटन यात्रा में स्कूली बच्चों ने भी सफर किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहे। जींद से सोनीपत के बीच चलने वाली इस ट्रेन का किराया 5 रुपये से 26 रुपये तक निर्धारित किया गया है।
प्रधानमंत्री ने अपने हरियाणा दौरे के दौरान लगभग 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया। इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में कुल 26,000 करोड़ रुपये से अधिक की सड़क, रेल और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं की सौगात दी गई।
हरियाणा में अंबाला–काला अंब राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। वहीं, कुरुक्षेत्र में 447 करोड़ रुपये की लागत से बने रेलवे एलिवेटेड ट्रैक का उद्घाटन तथा सिख संग्रहालय परियोजना का शिलान्यास भी किया गया। पंजाब के जालंधर में भी रेल और सड़क संपर्क को मजबूत करने वाली कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया।
हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन भारत के स्वच्छ ऊर्जा और हरित परिवहन अभियान को नई गति देने की दिशा में एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है।


No comments:
Post a Comment