नेमार ने इंटरनेशनल फुटबॉल से लिया संन्यास
नॉर्वे से फीफा वर्ल्ड कप 2026 में हार के बाद ब्राजीलियाई दिग्गज का भावुक फैसला
न्यूयॉर्क,एंजेसी। ब्राजील के महान और दिग्गज फॉरवर्ड खिलाड़ी नेमार जूनियर ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी है। यह चौंकाने वाला और भावुक फैसला उन्होंने रविवार को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में नॉर्वे के हाथों ब्राजील को मिली 2-1 की ऐतिहासिक हार के ठीक बाद लिया। मेटलाइफ स्टेडियम में मिली इस शिकस्त के साथ ही पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील का सफर टूर्नामेंट में समाप्त हो गया और इसके साथ ही नेमार के एक शानदार इंटरनेशनल करियर का भी अंत हो गया।
क्या बोले नेमार?
34 साल के नेमार जूनियर ने मैच के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए बेहद भावुक शब्दों में कहा, 'मैंने बहुत कोशिश की, मैंने हर संभव प्रयास किया। लेकिन अब यह सफर खत्म हो चुका है। मैंने इसी अमेरिका की सरजमीं से अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत की थी और यहीं पर इसे खत्म कर रहा हूं।' नेमार के इस बयान के साथ ही ब्राजील के लिए एक युग का अंत हो गया है। किसी ने सोचा तक नहीं होगा कि नेमार के लिए इस तरह से इंटरनेशनल करियर का अंत होगा।
विदाई मैच में दागा आखिरी गोल
नॉर्वे के खिलाफ मुकाबले में नेमार फिटनेस समस्याओं के बाद बतौर सब्सीट्यूट मैदान पर उतरे थे। स्टॉपेज टाइम के 10वें मिनट में जब कासेमीरो पर हुए फाउल के कारण ब्राजील को पेनल्टी मिली, तो नेमार ने इसे गोल में तब्दील किया, जो इस टूर्नामेंट का उनका पहला गोल और उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी शॉट साबित हुआ। नेमार ने ब्राजील की पीली जर्सी में जो ऐतिहासिक आंकड़े छोड़े हैं, वे इस प्रकार हैं:
कुल मैच: 130
इंटरनेशनल गोल: 80 (ब्राजील के इतिहास में सबसे ज्यादा)
असिस्ट: 59
प्रमुख उपलब्धियां: साल 2013 में फीफा कॉन्फेडरेशन कप का खिताब जीता और रियो 2016 ओलंपिक खेलों में अपनी कप्तानी में ब्राजील को ऐतिहासिक ओलंपिक गोल्ड मेडल दिलाया।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ब्राजील का सबसे दर्दनाक अंत
चोट और फिटनेस चिंताओं के कारण इस वर्ल्ड कप के लिए नेमार का टीम में चुना जाना आखिरी पलों तक संशय में था। लेकिन मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने उनके अनुभव पर भरोसा जताते हुए उन्हें ब्राजील की 26 सदस्यीय टीम में शामिल किया था। हालांकि, एंसेलोटी की यह उम्मीद परवान नहीं चढ़ सकी। इस मैच में नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड ने 79वें और 90वें मिनट में दो लेट गोल दागकर ब्राजील को हैरान कर दिया। हालैंड के इन दो गोलों ने नॉर्वे को 2-0 की बढ़त दिला दी थी।
इसके बाद नेमार ने पेनल्टी से स्कोर 2-1 तो किया, लेकिन वे ब्राजील को हार से नहीं बचा सके। यह साल 1990 के बाद से वर्ल्ड कप इतिहास में ब्राजील का सबसे शुरुआती एग्जिट है और लगातार सातवीं बार किसी यूरोपीय टीम ने ब्राजील को नॉकआउट से बाहर किया है। नेमार के इस विदाई संदेश ने दुनिया भर के करोड़ों फुटबॉल फैंस की आंखें नम कर दी हैं।


No comments:
Post a Comment