बेल्जियम की गोलकीपर से हुई चूक, स्पेन ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
- मेरिनो ने 88वें मिनट में दागा विजयी गोल, अब फ्रांस से होगा मुकाबला
इंगलवुड (अमेरिका)। वर्ष 2010 की विश्व चैंपियन स्पेन ने फीफा विश्व कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। शुक्रवार रात खेले गए रोमांचक मुकाबले में स्पेन की जीत के नायक सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी मिकेल मेरिनो रहे, जिन्होंने 88वें मिनट में निर्णायक गोल दागा। अब सेमीफाइनल में स्पेन का सामना फ्रांस से होगा। यह मुकाबला 14 जुलाई की रात 12:30 बजे खेला जाएगा।
लॉस एंजिल्स स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 87वें मिनट तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। इसके बाद स्पेन के पाउ क्यूबार्सी की किक बेल्जियम के रिजर्व गोलकीपर सेने लामेन्स के हाथों से छूट गई। रिबाउंड पर मौजूद मेरिनो ने बिना गलती किए गेंद को गोल में पहुंचाकर स्पेन को जीत दिला दी।
स्पेन ने 30वें मिनट में फाबियन रुइज के गोल से बढ़त बनाई थी, लेकिन 41वें मिनट में चार्ल्स डी केटेलेरे ने गोल कर बेल्जियम को बराबरी दिला दी। यह इस विश्व कप में स्पेन के खिलाफ पहला गोल भी था।
लगातार दूसरे नॉकआउट मैच में चमके मेरिनो
मिकेल मेरिनो लगातार दूसरे नॉकआउट मुकाबले में स्पेन के मैच विनर बने। इससे पहले उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में पुर्तगाल के खिलाफ इंजरी टाइम में विजयी गोल किया था। बेल्जियम के खिलाफ वह 86वें मिनट में मैदान पर उतरे और महज दो मिनट बाद निर्णायक गोल कर अपनी उपयोगिता फिर साबित कर दी।
जनवरी 2026 में मैनचेस्टर यूनाइटेड के खिलाफ क्लब मैच के दौरान मेरिनो के दाएं पैर में स्ट्रेस फ्रैक्चर हो गया था। सर्जरी और लगभग चार महीने के पुनर्वास के बाद उन्होंने विश्व कप में वापसी की और अब लगातार दो अहम मुकाबलों में टीम को जीत दिलाई है।
कोर्टुआ की चोट बनी बेल्जियम के लिए झटका
बेल्जियम को 71वें मिनट में बड़ा झटका लगा, जब अनुभवी गोलकीपर थिबाउ कोर्टुआ जांघ की चोट के कारण मैदान से बाहर हो गए। उनकी जगह उतरे रिजर्व गोलकीपर सेने लामेन्स अंतिम क्षणों में स्पेन की किक को नियंत्रित नहीं कर सके, जिसका पूरा फायदा मेरिनो ने उठाया।
स्पेन ने दोहराया पुराना रिकॉर्ड
स्पेन विश्व कप इतिहास में तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंचा है। इससे पहले वह 2010 में अंतिम चार में पहुंचा था और उसी वर्ष नीदरलैंड को हराकर पहली बार विश्व चैंपियन बना था।
स्पेन की टीम लगातार 36 अंतरराष्ट्रीय मैचों से अजेय है। उसने अर्जेंटीना के 36 मैचों के अजेय रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है और अब इटली के 37 मैचों के रिकॉर्ड से सिर्फ एक कदम दूर है। वहीं, गोलकीपर उनाई सिमोन ने लगातार 650 मिनट तक गोल नहीं खाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया, हालांकि इस मैच में डी केटेलेरे ने उनके इस सिलसिले को समाप्त कर दिया।
आज रात 2:30 बजे नॉर्वे और इंग्लैंड, जबकि रविवार सुबह 6:30 बजे अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इन मैचों के विजेता दूसरी सेमीफाइनल जोड़ी तय करेंगे


No comments:
Post a Comment