व्यापारी संवाद से बढ़ा भरोसा, चाइनीज मांझे से दूर रहने का व्यापारियों ने दिया भरोसा
राज्य कर विभाग ने किया जागरूक, बोले—जनहानि रोकना सभी की जिम्मेदारी
मेरठ। चाइनीज मांझा, सिंथेटिक मांझा एवं सीसा लेपित डोरी के निर्माण, बिक्री और उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से राज्य कर विभाग मेरठ द्वारा व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों ने विभाग को भरोसा दिलाया कि वे प्रतिबंधित एवं जानलेवा मांझे के कारोबार से पूरी तरह दूर रहेंगे।
शनिवार को राज्य कर विभाग मेरठ जोन कार्यालय के मीटिंग हॉल में आयोजित कार्यक्रम शासन एवं राज्य कर मुख्यालय के निर्देशों के तहत हुआ। अधिकारियों ने व्यापारियों को चाइनीज मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं, जनहानि और इसके गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में अपर आयुक्त ग्रेड-1 राज्य कर मेरठ जोन हरीराम, अपर आयुक्त ग्रेड-2 (वि.अनु.शा.) सुशील कुमार सिंह, संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) राज्य कर संभाग-बी मेरठ अनीता गर्त्याल, संयुक्त आयुक्त संजय कुमार सिंह, उपायुक्त राजेश सिंह, सीमा सिंह, प्रतिभा सिंह एवं सचिन कुमार सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
व्यापारी वर्ग की ओर से रवि मनचंदा (संगम ट्रेडर्स), अविनाश शर्मा, अंकुर जैन, प्रदीप शाह, नरेंद्र दधीचि (अन्नपूर्णा हैंडलूम), विपिन शर्मा (पुष्प यार्न नेट्स मेकर), मो. काशिफ एवं मो. शहजाद सहित धागा कारोबार से जुड़े व्यापारी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन उपायुक्त अरुण कुमार पांडेय एवं सहायक आयुक्त अम्बुज सिंह ने किया।
संवाद के दौरान व्यापारियों ने अपने कारोबार से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। व्यापारी अविनाश शर्मा एवं मो. शहजाद ने व्यापार संचालन में आने वाली परेशानियों से अवगत कराया, जिनका अधिकारियों ने मौके पर समाधान किया।
अधिकारियों ने उच्च न्यायालय लखनऊ खंडपीठ में दाखिल जनहित याचिकाओं में पारित आदेशों की जानकारी देते हुए कहा कि चाइनीज मांझा, सिंथेटिक मांझा और सीसा लेपित डोरी मानव जीवन के लिए बेहद खतरनाक हैं। इनके निर्माण, बिक्री और उपयोग को रोकने के लिए विभाग एवं व्यापारियों को मिलकर कार्य करना होगा।
व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि उनके द्वारा चाइनीज अथवा सिंथेटिक मांझे की खरीद-बिक्री या निर्माण नहीं किया जाता है। उन्होंने बताया कि ऐसे प्रतिबंधित धागों की आपूर्ति अधिकतर ई-कॉमर्स माध्यमों से उपभोक्ताओं तक पहुंचती है, जिस पर भी प्रभावी निगरानी आवश्यक है।
उपायुक्त प्रशासन रंजीत रमन के प्रयासों से आयोजित यह व्यापारी संवाद कार्यक्रम सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अधिकारियों और व्यापारियों ने सुरक्षित, जिम्मेदार एवं जनहितकारी व्यापार व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प लिया।


No comments:
Post a Comment